हाई अलर्ट के बीच भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट, मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार बदमाश फरार

रायपुर : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। शहर में हाई अलर्ट के बावजूद पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक लूट की घटना का शिकार हो गए।घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
मॉर्निंग वॉक पर निकले थे विधायक, बदमाशों ने छीना मोबाइल
जानकारी के अनुसार घटना रायपुर के शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास की है, जो सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आता है।बताया जा रहा है कि धरमलाल कौशिक सोमवार सुबह अपने घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश अचानक उनके पास पहुंचे और हाथ से मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए।घटना इतनी तेजी से हुई कि विधायक कुछ समझ ही नहीं पाए। उस समय वह अकेले टहल रहे थे।वारदात के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
वीआईपी इलाके में घटना से बढ़ी चिंता
जिस इलाके में यह वारदात हुई, उसे रायपुर का संवेदनशील और वीआईपी क्षेत्र माना जाता है।ऐसे समय में जब अमित शाह के दौरे को लेकर राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू है, उसी दौरान भाजपा विधायक के साथ हुई लूट की घटना ने पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
भूपेश बघेल ने सरकार पर कसा तंज
घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है।उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि —“इधर आप डायल 112 को झंडी दिखाते रहिए, उधर धरमलाल कौशिक जी का मोबाइल छीनकर चोर 9-2-11 हो गए।”इस बयान के बाद मामला राजनीतिक चर्चा का विषय भी बन गया है।




