राष्ट्रीय

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक! संस्थापक को मिली जान से मारने की धमकी, NEET विवाद के बाद बढ़ी हलचल

 नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी CJP ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उसका इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया है। शनिवार सुबह 8:25 बजे पार्टी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट को एक्सेस नहीं कर पा रही है।इस बीच सोशल मीडिया पर पार्टी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ती नजर आ रही है। इंस्टाग्राम पर CJP के फॉलोअर्स की संख्या 2 करोड़ 17 लाख से अधिक पहुंच गई है, जबकि एक्स पर भी पार्टी को 1 लाख 94 हजार से ज्यादा लोग फॉलो कर रहे हैं।

संस्थापक अभिजीत दीपके को मिली जान से मारने की धमकी

पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को दावा किया था कि उन्हें वॉट्सएप पर जान से मारने की धमकियां मिली हैं। उन्होंने कथित धमकी से जुड़े स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर साझा किए।अभिजीत हाल ही में NEET पेपर लीक मामले को लेकर चर्चा में आए थे। उन्होंने केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए ऑनलाइन पिटीशन शुरू की थी।

ऑनलाइन पिटीशन को लाखों लोगों का समर्थन

अभिजीत दीपके ने वीडियो पोस्ट जारी कर लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पिटीशन पर हस्ताक्षर करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि सिस्टम की गलती पर सवाल उठना जरूरी है।

शुक्रवार रात 10 बजे तक इस ऑनलाइन पिटीशन पर 4 लाख 86 हजार से ज्यादा लोग साइन कर चुके थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह मुद्दा और ज्यादा वायरल हो गया।

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम को लेकर ट्रेडमार्क की होड़

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम को लेकर भी अब प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई है। जानकारी के मुताबिक इस नाम के ट्रेडमार्क अधिकार पाने के लिए तीन अलग-अलग आवेदन दाखिल किए गए हैं।

ट्रेडमार्क रजिस्ट्री पोर्टल पर राजनीतिक और सामाजिक सेवाओं की श्रेणी में यह आवेदन अजीम आदमभाई जम, अखंड स्वरूप और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम की एक प्रोपराइटरशिप फर्म की ओर से किए गए हैं।

बेटे की लोकप्रियता से चिंतित हैं माता-पिता

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर निवासी अभिजीत दीपके के माता-पिता ने भी बेटे की बढ़ती लोकप्रियता को लेकर चिंता जताई है।अभिजीत के पिता भगवान दीपके ने एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि मौजूदा माहौल को देखकर डर लगना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि अभिजीत ने खुद भी भारत लौटने पर गिरफ्तारी का डर जताया है।उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से वह इसी चिंता में सो नहीं पाए कि बेटे के साथ आगे क्या हो सकता है।वहीं अभिजीत की मां अनीता दीपके ने कहा कि वह नहीं चाहतीं कि उनका बेटा राजनीति में जाए। उन्होंने बताया कि पहले भी जब अभिजीत आम आदमी पार्टी के साथ काम कर रहा था, तब उन्होंने उसे राजनीति से दूर रहने और नौकरी करने की सलाह दी थी।

फॉलोअर्स को लेकर भी उठे सवाल

सोशल मीडिया पर CJP को लेकर यह दावा भी किया गया कि उसके ज्यादातर फॉलोअर्स पाकिस्तान, बांग्लादेश और अमेरिका जैसे देशों से हैं। हालांकि पार्टी की ओर से इन दावों को गलत बताया गया है।पार्टी का कहना है कि उसके 96 प्रतिशत फॉलोअर्स भारतीय हैं और उसे देशभर के युवाओं का समर्थन मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button