पति ने पत्नी का किया कन्यादान, ठगी करने के लिए दूसरे युवक से करवाई शादी; लूट से पहले ही लुटेरी दुल्हन का ऐसे हुआ पर्दाफाश

MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. अपराधी अपने मंसूबों में कामयाब होने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं. ग्वालियर में एक व्यक्ति ने ठगी करने के लिए भाई बनकर अपनी ही पत्नी का कन्यादान कर दिया. इस दौरान दूसरे पति यानी जिस युवक से शादी करवाई, उसके लाखों रुपये भी खर्च हुए. युवती अपने दूसरे पति के साथ रह रही थी, और घर पर लूट करने की फिराक में थी, लेकिन इसके पहले ही लुटेरी दुल्हन का भंडाफोड़ हो गया और उसका पूरा गिरोह पकड़ा गया.
सास ने मां की रस्म निभाई
पूरा मामला झांसी रोड थाना क्षेत्र के नाका चंद्रवदनी इलाके का है. यहां रहने वाले रतन शर्मा एक निजी अस्पताल में काम करते हैं. रतन के परिवार में कई भाई-बहन हैं. परिवार काफी दिनों से रतन के रिश्ते के लिए एक लड़की की तलाश कर रहे थे. पड़ोसी में रहने वाले सोनू तिवारी इसी बात का फायदा उठाया. सोनू तिवारी ने रतन के परिवार वालों से बात की और बताया कि उसका एक अजय चौहान नाम का एक दोस्त मुरैना में रहता है. उसकी मुंहबोली बहन है, जिसके लिए वह एक अच्छा लड़के की तलाश में है. सोनू ने रतन के परिवार को बताया कि अजय चौहान के परिजन काफी अच्छे हैं. रतन का परिवार सोनू तिवारी की बातों में आ गया. बातचीत के बाद सोनू तिवारी ने अजय चौहान और रतन शर्मा के परिवार के बीच मुलाकात करवाई. 7 मई को हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी हुई.
इस दौरान रतन चौहान ने मुंहबोली बहन राधा उर्फ दीक्षा मुद्गल यानी अपनी पत्नी का भाई बनकर कन्यादान किया. वहीं राधा की सास ने मां बनकर रस्म अदायगी की. रतन का दावा है कि इस दौरान शादी में उसके 7 लाख रुपये भी खर्च हुए.
व्हाट्एप चैट से हुआ खुलासा
शादी के बाद राधा रतन के घर पर रहने लगी. 15-20 दिनों में ही उसे घर के बारे में सारी जानकारी मिल गई. राधा और उसके पहले पति रतन चौहान ने लूट की योजना बना ली थी. राधा घर का सारा पैसा और जेवर लेकर भागने वाली थी, लेकिन इसी दौरान रतन शर्मा को राधा के लगातार फोन पर बिजी रहने के कारण शक होने लगा. रतन ने एक दिन राधा का मोबाइल चेक किया.
रतन ने जब राधा का मोबाइल देखा तो उसके होश उड़ गए. रतन अब तक जिसे राधा का भाई समझ रहा था वह राधा का पहला पति निकला. व्हाट्सएप की बातचीत के बाद रतन को समझ में आ गया कि उसके साथ धोखा किया गया है. रतन ने इसकी जानकारी अपने परिवार को दी, और समय रहते ही परिवार ने पुलिस को सूचना दी, जिससे लुटेरी दुल्हन और उसके पहले पति समेत 10 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.



