भीषण गर्मी का असर, दो दिन के लिए बंद रहेगा नवा रायपुर का नंदनवन जंगल सफारी

छत्तीसगढ़ : नौतपा के दौरान पड़ रही तेज गर्मी का असर अब वन्य प्राणियों पर भी दिखाई देने लगा है। लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए नवा रायपुर स्थित नंदनवन जंगल सफारी को दो दिनों के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है। इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है।
28 और 29 मई को पर्यटकों की एंट्री रहेगी बंद
जारी आदेश के मुताबिक अत्यधिक गर्मी और तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए 28 और 29 मई को जंगल सफारी बंद रहेगी। इस दौरान पर्यटक सफारी की सैर और वन्य प्राणियों का दीदार नहीं कर सकेंगे।प्रबंधन का कहना है कि यह निर्णय वन्य जीवों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। भीषण गर्मी का असर जानवरों की दिनचर्या और स्वास्थ्य पर पड़ सकता है, इसलिए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।

नौतपा में लगातार बढ़ रहा तापमान
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में इन दिनों तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है। कई जिलों में लू और गर्म हवाओं ने लोगों के साथ-साथ वन्य जीवों की मुश्किलें भी बढ़ा दी है।ऐसे में जंगल सफारी प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए अस्थायी रूप से सफारी बंद रखने का निर्णय लिया है। मौसम सामान्य होने के बाद दोबारा पर्यटकों के लिए सफारी खोली जाएगी।




