छत्तीसगढ़

महंगाई के खिलाफ बचेली में एसकेएमएस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम ज्ञापन

पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस व खाद्यान्न की कीमतों पर नियंत्रण की मांग ऽ बेरोजगार युवाओं को रोजगार और मजदूरों के वेतन वृद्धि का मुद्दा भी उठाया

दुर्जन सिंह

बचेली- लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में संयुक्त खदान मजदूर संघ (एसकेएमएस) शाखा बचेली द्वारा मंगलवार को नगर के गौरव पथ मुख्य मार्ग हनुमान मंदिर के पास प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद संगठन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर तत्काल नियंत्रण लगाने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्यान्न एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ने से आम जनता, मजदूर, कर्मचारी, किसान और मध्यम वर्गीय परिवार आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। बढ़ती महंगाई से लोगों का घरेलू बजट बिगड़ रहा है और जीवन-यापन कठिन होता जा रहा है।

एसकेएमएस ने सरकार से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने, बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा मजदूर-कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि सुनिश्चित करने की मांग की। इसके साथ ही सरकारी क्षेत्रों के निजीकरण पर रोक लगाने और किसानों को फसलों का उचित समर्थन मूल्य देने की बात भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाई गई।

संगठन ने आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग करते हुए छात्रावासों में पौष्टिक आहार व्यवस्था बेहतर करने पर जोर दिया। दक्षिण बस्तर के पर्यटन स्थलों के विकास तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए खेल एवं प्रशिक्षण अकादमी स्थापित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। इस दौरान संगठन के अध्यक्ष रवि मिश्रा, सचिव जोगेश्वर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button