छत्तीसगढ़

भूपेश बघेल इंस्टाग्राम चैट विवाद से जुड़े यूट्यूबर्स पर नया मामला, महिला से ब्लैकमेलिंग और उगाही के आरोप में दूसरी FIR दर्ज

 दुर्ग। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े चर्चित इंस्टाग्राम चैट विवाद में नाम आने वाले दो यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह की कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर दोनों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और कथित उगाही के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत दूसरी एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचकर बनाया वीडियो, महिला ने लगाए गंभीर आरोप

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार ग्राम उमदा निवासी नेहा मिश्रा पिछले पांच वर्षों से ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन कर रही हैं। उनका आरोप है कि कुछ समय पहले सागर साहू अपने साथी पुष्पराज सिंह के साथ आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने के बहाने उनके केंद्र पहुंचे थे। इस दौरान हुई बातचीत को कथित रूप से अलग तरीके से प्रस्तुत करते हुए वीडियो तैयार किया गया और उसे समाचार के रूप में प्रसारित करने की तैयारी की गई।

वीडियो हटाने के नाम पर 50 हजार की मांग, 35 हजार देने का दावा

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि 3 जून को आरोपियों ने वीडियो हटाने के एवज में 50 हजार रुपए की मांग की। बदनामी के डर से उन्होंने अपनी जमा पूंजी में से 35 हजार रुपए आरोपियों को दे दिए। शिकायत के मुताबिक रकम मिलने के बाद संबंधित वीडियो हटा दिया गया।

दो लाख रुपए नहीं देने पर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने का आरोप

नेहा मिश्रा का आरोप है कि इसके बाद भी दोनों आरोपियों ने उनसे दो लाख रुपए की अतिरिक्त मांग की। जब उन्होंने रकम देने से इनकार किया तो उन्हें बदनाम करने की धमकी दी गई। शिकायत के अनुसार बाद में तीन से अधिक अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए गए, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और ग्राहक सेवा केंद्र में काम करना भी मुश्किल हो गया।

महिला ने सख्त कार्रवाई की मांग की, पुलिस ने शुरू की जांच

पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती जरूरी है ताकि भविष्य में किसी अन्य महिला को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।

शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button