छत्तीसगढ़

भारतमाला रोड पर दर्दनाक हादसा, मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की मौके पर मौत, फरार वाहन चालक की तलाश

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की जान चली गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया और चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

सुबह की सैर बनी आखिरी सफर

जानकारी के अनुसार बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी-कोरबी निवासी दिलहरण दास वैष्णव (62), केदार बरेट (52) और संतु यादव (70) रविवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। तीनों भारतमाला रोड पर पैदल चल रहे थे, तभी तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़

हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच

पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी चालक की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। वहीं हादसे के कारणों और फरार वाहन की पहचान को लेकर जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button