छत्तीसगढ़

चलती स्लीपर बस में लगी आग, चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, सभी यात्री सुरक्षित

 रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से जुड़ी एक यात्री बस में रविवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना रायपुर से लगे अभनपुर क्षेत्र में हुई, जहां चालक की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हाईवे पर उठने लगा धुआं

जानकारी के अनुसार, महेंद्रा ट्रेवल्स की स्लीपर बस जगदलपुर से रायपुर आ रही थी। बस धमतरी होते हुए जैसे ही अभनपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंची, उसमें से धुआं निकलना शुरू हो गया। कुछ ही देर में धुआं तेज हो गया और बस में आग लग गई।

चालक ने तुरंत खाली कराई बस

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने बस को तत्काल सड़क किनारे रोका और बिना समय गंवाए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। यात्रियों के उतरते ही आग ने बस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस और दमकल ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक दी गई।

किसी यात्री को नहीं पहुंची चोट

इस हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई। प्रारंभिक तौर पर चालक की सतर्कता को हादसे में जनहानि टलने का सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है। वहीं आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button