छत्तीसगढ़

पार्षद के फर्जी लेटरहेड से बन रहे थे सरकारी दस्तावेज, रायपुर में च्वॉइस सेंटर संचालक गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले एक च्वॉइस सेंटर का भंडाफोड़ किया है। आरोपी पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर की कथित तौर पर नकल कर जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड समेत कई दस्तावेज तैयार कर लोगों से धोखाधड़ी कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए च्वॉइस सेंटर संचालक को गिरफ्तार कर लिया।

पार्षद की शिकायत के बाद खुला मामला

शहीद चूडामणि नायक वार्ड के पार्षद दीपक जायसवाल ने आजाद चौक थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके नाम के लेटरहेड और फर्जी हस्ताक्षर का उपयोग कर मंगल बाजार स्थित एक च्वॉइस सेंटर में दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। यह पूरा काम उनकी जानकारी और अनुमति के बिना किया जा रहा था।

सरकारी दस्तावेज तैयार कर की जा रही थी धोखाधड़ी

प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी लेटरहेड के जरिए जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और नगर निगम से जुड़े अन्य दस्तावेज तैयार कर रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

छापे में मिले अहम सबूत

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने च्वॉइस सेंटर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान सेंटर में मौजूद विपीन केशरी ने खुद को संचालक बताया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने जब दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के बारे में जानकारी ली तो आरोपी ने पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का अनधिकृत तरीके से इस्तेमाल कर विभिन्न दस्तावेज तैयार करने की बात स्वीकार कर ली।

लैपटॉप, प्रिंटर और मशीन जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप, कलर प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन जब्त की है। इन उपकरणों का उपयोग कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किया जा रहा था। जब्त सामग्री को जांच के लिए भेज दिया गया है।

उत्तर प्रदेश का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 38 वर्षीय विपीन केशरी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के भदोही जिले का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के अश्वनी नगर इलाके में रहकर च्वॉइस सेंटर का संचालन कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा अब तक कितने दस्तावेज तैयार किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button