छत्तीसगढ़

ओडिशा से यूपी ले जाया जा रहा था एक करोड़ का गांजा, बस्तर पुलिस ने पकड़ी बड़ी खेप

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ की बस्तर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा की बड़ी खेप जब्त की है। ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही इस खेप को पुलिस ने धनपुंजी इलाके में नाकाबंदी के दौरान पकड़ा। कार्रवाई के दौरान एक तस्कर अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल

पुलिस को 4 जुलाई को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश नंबर की एक सफेद महिंद्रा पिकअप में दो लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर ओडिशा से धनपुंजी मार्ग होते हुए जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।

नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई पिकअप

जांच के दौरान संदिग्ध महिंद्रा पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। इसी बीच वाहन में सवार एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर वाहन से कूद गया और तेज बारिश व अंधेरे का लाभ लेकर फरार हो गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं लगा।

एक आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन में मौजूद दूसरे आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वाहन से गांजा की बड़ी खेप भी जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

फरार तस्कर की तलाश तेज

पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि तस्करी के इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा अब तक कितनी बार इस मार्ग का इस्तेमाल कर गांजा की सप्लाई की गई है।

Related Articles

Back to top button