छत्तीसगढ़

ड्यूटी पर जाने से पहले हुआ ऐसा हादसा…भिलाई में एक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 दुर्ग: भिलाई में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बीएसपी के एक ठेका कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसा भिलाई नगर थाना क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान श्याम राव के रूप में हुई है।

नाइट ड्यूटी के लिए निकले थे, रास्ते में काल बनकर आया वाहन

जानकारी के अनुसार, श्याम राव भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका कर्मी के रूप में काम करते थे। सोमवार रात वह अपने दो साथियों के साथ एक ही बाइक से मरोदा स्थित ससुराल से खुर्शीपार स्थित अपने घर लौट रहे थे।इसी दौरान सेंट्रल एवेन्यू के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद काफी दूर तक घसीटता रहा वाहन

हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद श्याम राव सड़क पर गिर गए और हाईवा उन्हें करीब 50 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।वहीं बाइक पर मौजूद दो अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

मौके से फरार हुआ हाईवा चालक

घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और मृतक के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया जा रहा है कि श्याम राव नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे थे, लेकिन ड्यूटी पहुंचने से पहले ही हादसे में उनकी जान चली गई।

पुलिस ने शुरू की आरोपी चालक की तलाश

हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button