छत्तीसगढ़

बाल संप्रेषण गृह चौकीदार हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई…तीन फरार बाल अपचारी पुलिस की पकड़ में

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बाल संप्रेषण गृह के चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार हुए चार बाल अपचारियों में से तीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को पहले ही प्रयागराज से पकड़ लिया था। इसके बाद दूसरे आरोपी को बिहार के पटना स्थित एक निजी अस्पताल से गिरफ्तार किया गया, जबकि तीसरे आरोपी को पुलिस की सूचना के आधार पर बेंगलुरु से पकड़ा गया है।

हत्या और गांजा तस्करी के मामलों में बाल संप्रेषण गृह भेजे गए थे आरोपी

जांच में सामने आया है कि पकड़े गए बाल अपचारियों में से एक हत्या के मामले में और दूसरा एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजा तस्करी के मामले में बाल संप्रेषण गृह भेजा गया था।पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस मामले में बंद आरोपी के पिता ने दोनों को बिहार के पटना स्थित एक निजी अस्पताल में चौकीदारी का काम दिलाया था। वारदात के बाद दोनों आरोपी वहां पहुंच गए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल में कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में फरार एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया।12 और 13 जुलाई की दरमियानी रात हुई इस घटना के बाद सरकंडा थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें कोरबा, रायगढ़, बिहार, अनूपपुर और उत्तर प्रदेश सहित कई स्थानों पर लगातार कार्रवाई कर रही थीं।

पिता के घर पहुंची पुलिस, एक आरोपी भागा दूसरा पकड़ा गया

पुलिस जांच में पता चला कि एनडीपीएस मामले में आरोपी का पिता पहले से बिहार में रह रहा था। वारदात के बाद दोनों बाल अपचारी उसके पास पहुंचे थे, जहां उसने दोनों के लिए अस्पताल में काम की व्यवस्था कर दी थी।तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम रविवार देर रात उसके घर पहुंची। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी का पिता अपने बेटे को वहां से भगाने में सफल रहा, लेकिन हत्या के मामले में फरार दूसरे बाल अपचारी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

चौथे आरोपी की तलाश जारी, जल्द गिरफ्तारी का दावा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड में शामिल चौथे फरार बाल अपचारी की तलाश जारी है। पुलिस की अलग-अलग टीमें उसके संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

धरना प्रदर्शन को लेकर पुलिस सख्त, उकसाने वालों पर होगी कार्रवाई

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि घटना के बाद कुछ लोग मृतक के परिजनों को भड़काकर गैर जरूरी मांगों को लेकर धरना जारी रखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें कुछ लोग पहले से गंभीर अपराधों में आरोपी रह चुके हैं और वर्तमान में जमानत पर बाहर हैं।

जमानत रद्द कराने न्यायालय जाएगी पुलिस

पुलिस का कहना है कि जिन लोगों द्वारा धरना प्रदर्शन को भड़काने और माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।ऐसे लोगों की जानकारी एकत्र कर न्यायालय में जमानत निरस्त कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी तरह की गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

परिजनों और प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील

पुलिस और जिला प्रशासन लगातार मृतक के परिजनों तथा धरना स्थल पर मौजूद लोगों से बातचीत कर रहे हैं। अधिकारियों ने सभी से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और मामले की जांच में सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button