छत्तीसगढ़

रक्षाबंधन से पहले बहनों को बड़ी सौगात, एक साथ 67 लाख से अधिक खातों में पहुंचेगी 631 करोड़ की राशि

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए रक्षाबंधन से पहले बड़ी आर्थिक सहायता जारी होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 अगस्त को बालोद जिले के डौण्डीलोहारा में आयोजित विशेष समारोह के दौरान महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित करेंगे।इस अवसर पर 67 लाख 28 हजार 918 महिलाओं के खातों में कुल 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि सीधे भेजी जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन डौण्डीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में बिहान दीदी और स्व-सहायता समूहों के सम्मान समारोह के साथ किया जाएगा।

रक्षाबंधन से पहले खातों में पहुंचेगी सितंबर की राशि

महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त सितंबर 2026 के लिए निर्धारित है, लेकिन रक्षाबंधन के अवसर को देखते हुए राज्य सरकार ने इसे पहले जारी करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बहनों को त्योहार से पहले यह राशि सीधे बैंक खातों में भेजेंगे।इस कदम को महिलाओं के लिए रक्षाबंधन से पहले विशेष सौगात के रूप में देखा जा रहा है।

अब तक 30 किस्तों में 19 हजार करोड़ से अधिक की सहायता

महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 30 किस्तों में राज्य की महिलाओं को कुल 19 हजार 444 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। योजना के माध्यम से मिलने वाली मासिक आर्थिक सहाता का उपयोग महिलाएं परिवार की जरूरतों, स्वास्थ्य, पोषण और अन्य जरूरी खर्चों के लिए कर रही हैं।कई महिलाएं इस राशि का उपयोग बचत और छोटे आर्थिक कार्यों में भी कर रही हैं। बेटियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कुछ हितग्राही सुकन्या समृद्धि योजना जैसी बचत योजनाओं में भी राशि जमा कर रही हैं।

महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को मिल रहा सहारा

राज्य सरकार का मानना है कि नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद मिल रही है। बिहान और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए भी यह सहयोग आजीविका और आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में उपयोगी साबित हो रहा है।डौण्डीलोहारा में होने वाला कार्यक्रम केवल राशि अंतरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्व-सहायता समूहों और बिहान दीदियों के योगदान को सम्मानित करने का भी अवसर बनेगा। रक्षाबंधन से ठीक पहले 67 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 631 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि पहुंचने से त्योहार की खुशियां और बढ़ने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button