छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज और यलो चेतावनी, नदी-नाले उफान पर

 छत्तीसगढ़ :  दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई स्थानों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने से परेशानी भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में मानसून के सक्रिय बने रहने और कई जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है।

बीते 24 घंटे में कई इलाकों में हुई जोरदार बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर भारी वर्षा हुई। इस दौरान अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

धमतरी जिले में लगातार बारिश के चलते नदी-नाले और बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। संभावित बाढ़ जैसी परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा बरसे बादल

प्रदेश में मंगलवार को कई जिलों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। रायगढ़ में 13 सेंटीमीटर और पेंड्रा में 12 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा पुसौर और तमनार में 10-10 सेंटीमीटर, बरपाली में 9 सेंटीमीटर, जबकि सारंगढ़, रामचंद्रपुर, मालखरौदा, कुटरू, अकलतरा, बम्हनीडीह, धाभरा, बलौदा और दौरा कोचली में 7-7 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। कई अन्य जिलों और विकासखंडों में भी 3 से 6 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई।

इन मौसम प्रणालियों से बढ़ी बारिश की गतिविधियां

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में सक्रिय मानसून द्रोणिका, उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रीय परिसंचरण, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के सिस्टम और बंगाल की खाड़ी से अरब सागर तक फैली द्रोणिका के संयुक्त प्रभाव से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। इन मौसम प्रणालियों के कारण कई इलाकों में भारी वर्षा और वज्रपात की आशंका बनी हुई है।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में यलो अलर्ट भी लागू

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में बारिश और खराब मौसम को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button