राजनांदगांव में पद्मश्री फूलबासन बाई के अपहरण की कोशिश नाकाम, ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता से बची बड़ी घटना

Rajnandgaon : समाज सेविका और पद्मश्री सम्मान प्राप्त Phoolbasan Bai Yadav के कथित अपहरण प्रयास ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग उन्हें जबरदस्ती कार में बैठाकर ले जा रहे थे, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता से बड़ी वारदात टल गई। पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गडुला रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस को हुआ शक
घटना 5 मई 2026 की सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। गडुला रोड क्षेत्र में ट्रैफिक इंस्पेक्टर नवरत्न कश्यप, आरक्षक कपिल श्रीवास्तव और सुखदेव साहू नियमित वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर जांच की गई।
पुलिस को गाड़ी में मौजूद लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ के दौरान वाहन सवार लोगों ने महिला को मिर्गी की मरीज बताकर मामला टालने की कोशिश की, लेकिन कार में बैठी फूलबासन बाई की असामान्य स्थिति देखकर पुलिस को शक गहरा गया।
महिला के इशारे ने खोली पूरी सच्चाई
पुलिस टीम के अनुसार पूछताछ के दौरान महिला ने इशारों में मदद मांगने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने तत्काल सभी लोगों को वाहन से नीचे उतारा और सख्ती से पूछताछ शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने उन्हें बहला-फुसलाकर कार में बैठाया था और जबरन कहीं ले जाया जा रहा था।
मिर्च स्प्रे दिखाकर धमकाने का आरोप
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने फूलबासन बाई यादव को मिर्च स्प्रे दिखाकर डराया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला समूह और अन्य गतिविधियों को लेकर उन पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही थी।
इन आरोपियों को पुलिस ने लिया हिरासत में
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों में खुशबू साहू, सलोनी महेश्वरी, दिनेश बंजारे, गोपाल खेलवार और चिनक राम साहू शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपी बेमेतरा और एक आरोपी दुर्ग जिले का निवासी बताया गया है।
स्कॉर्पियो, मोबाइल और मिर्च स्प्रे जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन, मोबाइल फोन और मिर्च स्प्रे भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस टीम की सतर्कता की हो रही सराहना
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक Ankita Sharma के निर्देशन में अंजाम दिया गया। राजनांदगांव रेंज के आईजी Balaji Rao और एसपी अंकिता शर्मा ने साहस और सतर्कता दिखाने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।




