बची हुई रोटी को बेकार समझकर फेंकने से पहले ये आइडिया जरूर देख लें, बच्चे भी बार-बार मांगेंगे ये टेस्टी और हेल्दी रेसिपीज

Protein Rich Roti Recipes: रात की बची हुई रोटियां अक्सर अगले दिन प्लेट में आने से पहले ही नजरअंदाज कर दी जाती हैं। खासकर बच्चे बासी रोटी खाने से बचते हैं। लेकिन थोड़ी सी क्रिएटिविटी और कुछ पौष्टिक चीजों की मदद से इन्हीं रोटियों को स्वादिष्ट और प्रोटीन से भरपूर स्नैक में बदला जा सकता है। ये रेसिपीज टिफिन, नाश्ते या शाम की हल्की भूख के लिए भी बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती हैं।
1. टोफू स्टफ्ड रोटी रोल
अगर घर में टोफू है तो इसे छोटे टुकड़ों में काटकर प्याज, शिमला मिर्च और हल्के मसालों के साथ भून लें। रोटी पर हरी चटनी या दही आधारित डिप लगाएं, फिर टोफू की स्टफिंग भरकर रोल तैयार करें। तवे पर हल्का सेंकने के बाद इसका स्वाद और भी शानदार हो जाता है।
2. मसालेदार चना रोटी रैप
उबले हुए काबुली चने या देसी चने को हल्का मैश करें। इसमें प्याज, टमाटर, धनिया, नींबू का रस और चाट मसाला मिलाएं। तैयार मिश्रण को रोटी में भरकर रोल बना लें। यह बच्चों के साथ बड़ों को भी खूब पसंद आएगा।
3. राजमा से बनाएं नया स्वाद
बचे हुए राजमा को हल्का मैश कर लें और उसमें थोड़ा प्याज, हरी मिर्च, धनिया और मसाले मिलाकर भरावन तैयार करें। इसे रोटी में भरकर रोल बना लें। ऊपर से थोड़ा नींबू निचोड़ दें, स्वाद कई गुना बढ़ जाएगा।
4. दाल को दें नया रूप
भीगी हुई मूंग दाल को पीसकर उसमें नमक, अदरक, हरी मिर्च और हल्के मसाले मिलाएं। इस मिश्रण की पतली परत रोटी पर लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंकें। इसे हरी चटनी या दही के साथ परोसें।
5. पनीर भुर्जी रोटी रोल
पनीर को अच्छी तरह मसलकर प्याज, टमाटर और मसालों के साथ भून लें। तैयार भुर्जी को रोटी में भरकर रोल बना लें। यह प्रोटीन से भरपूर होने के साथ बच्चों के टिफिन के लिए भी शानदार विकल्प है।
6. सोया स्टफिंग से तैयार करें हेल्दी रोल
सोया ग्रैन्यूल्स या सोया चंक्स को पानी में भिगोकर नरम कर लें। इसके बाद प्याज, टमाटर और मसालों के साथ पकाकर भरावन तैयार करें। इसे रोटी में भरकर हल्का सेंक लें। यह पेट भरने वाला और पौष्टिक स्नैक है।
7. हरी मूंग का झटपट रोल
उबली हुई हरी मूंग में प्याज, टमाटर, काली मिर्च, नमक और हरा धनिया मिलाकर मिश्रण तैयार करें। रोटी पर हरी चटनी लगाएं, मूंग की स्टफिंग भरें और रोल बना लें। कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट और हेल्दी नाश्ता तैयार हो जाएगा।
बची रोटी का स्मार्ट इस्तेमाल, स्वाद भी और सेहत भी
हर बार बची हुई रोटी को फेंकने की जरूरत नहीं है। थोड़े से बदलाव और प्रोटीन से भरपूर सामग्री की मदद से इसे ऐसी स्वादिष्ट डिश में बदला जा सकता है जिसे बच्चे भी खुशी से खाएं। अगली बार रोटी बच जाए तो इन आसान रेसिपीज में से कोई एक जरूर आजमाएं।




