छत्तीसगढ़

CG Balodabazar Rescue: तुरतुरिया मंदिर में बाढ़ से घिरे 250 श्रद्धालु, पुलिस ने जोखिम उठाकर सभी को सुरक्षित निकाला

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले स्थित प्रसिद्ध तुरतुरिया मंदिर में रविवार को बड़ा हादसा टल गया। माता के दर्शन के लिए पहुंचे करीब 250 श्रद्धालु अचानक आई बाढ़ के कारण मंदिर परिसर में फंस गए। लगातार बारिश से बालमदेही नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद वापसी का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

दर्शन के बाद लौटना हुआ मुश्किल

भंडारपुरी डुम्हा गांव से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह नदी पार कर मंदिर पहुंचे थे। उस समय नदी में पानी कम था, लेकिन दोपहर बाद हुई तेज बारिश से हालात तेजी से बदल गए। देखते ही देखते नदी उफान पर आ गई और श्रद्धालु मंदिर परिसर में ही फंस गए। अचानक बने इस संकट से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने चलाया त्वरित रेस्क्यू अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही कसडोल थाना प्रभारी प्रवीण मिंज के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना बाढ़ के बीच उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी करीब 250 श्रद्धालुओं को सुरक्षित नदी पार कराकर बाहर निकाला गया।

कंधों पर उठाकर लोगों को पहुंचाया सुरक्षित स्थान

रेस्क्यू के दौरान कई जगह पानी का बहाव इतना तेज था कि पुलिस जवानों ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को अपने कंधों पर उठाकर नदी पार कराई। पुलिस की तत्परता और साहस से एक बड़ा हादसा टल गया।

नगर सेना की देरी पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोपहर करीब ढाई बजे नगर सेना को घटना की सूचना दे दी गई थी, लेकिन शाम तक उनकी टीम मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में पुलिस ने अकेले ही पूरे बचाव अभियान की जिम्मेदारी संभाली और सभी श्रद्धालुओं की जान बचाई।

बारिश के मौसम में बरतें सावधानी

थाना प्रभारी प्रवीण मिंज ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान नदी-नालों को पार करने से बचें। किसी भी धार्मिक या पर्यटन स्थल की यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें, ताकि इस तरह की आपात स्थिति से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button