छत्तीसगढ़

CG Crime: खेत समतलीकरण के बहाने करते थे गांव की रेकी, फिर उड़ाते थे बकरे-बकरियां, छह सदस्यीय गिरोह गिरफ्तार

 बिलासपुर :  रतनपुर पुलिस ने बकरा-बकरी चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांवों में खेत समतलीकरण का काम मांगने के बहाने पहुंचते थे और इसी दौरान बकरा-बकरियों की रेकी कर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डेढ़ लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई महिंद्रा स्कार्पियो जब्त की है।

दीवार तोड़कर ले गए थे 19 बकरा-बकरियां

पुलिस के अनुसार, ग्राम चकराभाठा निवासी समन सिंह पैकरा ने 21 जून को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 19 जून की शाम रोज की तरह चार बकरों और 15 बकरियों को जंगल से चराकर घर लाया और कोठे में बंद कर दिया। अगले दिन सुबह उठने पर कोठे की दीवार टूटी मिली और सभी 19 बकरा-बकरियां गायब थीं।

साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिला सुराग

मामले की जांच के लिए रतनपुर पुलिस और साइबर सेल बिलासपुर की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने चोरी की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्कार्पियो वाहन से गांव-गांव घूमकर खेत समतलीकरण का काम तलाशने का बहाना बनाते थे। इसी दौरान वे पशुओं की संख्या और स्थान की जानकारी जुटाते और मौका मिलते ही चोरी कर लेते थे।

चोरी के बाद 1.75 लाख रुपये में बेच दिए पशु

आरोपियों ने स्वीकार किया कि चकराभाठा गांव से चोरी किए गए 19 बकरा-बकरियों को 1 लाख 75 हजार रुपये में बेच दिया था। इस रकम में से 25 हजार रुपये खर्च किए जा चुके थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शेष 1 लाख 50 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। साथ ही वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा स्कार्पियो भी जब्त कर ली गई है।

छह आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे

पुलिस ने इस मामले में बबलू खान, अमूर खान, अमीन खान, हबीम खान, शाहरूख खान और मोहम्मद अछछन को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अन्य वारदातों की भी हो रही जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने प्रदेश के अन्य इलाकों में भी इसी तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। गिरोह के आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button