छत्तीसगढ़

CG Monsoon Session 2026: दूसरे दिन विधानसभा में गरमाएगा सियासी माहौल, नक्सलवाद, अविश्वास प्रस्ताव समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा

 CG Monsoon Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन कई अहम राजनीतिक और जनहित के मुद्दों के साथ शुरू होगा। कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जहां विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों पर सरकार को जवाब देना होगा। उपमुख्यमंत्री अरुण साव के साथ मंत्री लखन देवांगन और गजेंद्र यादव सदस्यों के प्रश्नों का उत्तर देंगे।

नक्सलवाद पर केंद्र सरकार का जताएंगे आभार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदन में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियान और उसकी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। वहीं विपक्ष की ओर से अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अनुमति मांगने की तैयारी भी है, जिससे सदन में राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है।

वित्त मंत्री पेश करेंगे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज

वित्त मंत्री ओपी चौधरी सदन के पटल पर विभिन्न शासकीय दस्तावेज रखेंगे। इसके अलावा प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम से संबंधित शासकीय संकल्प भी प्रस्तुत किया जाएगा। मंत्री टंक राम वर्मा के साथ मिलकर वे शासकीय विधायी कार्यों को भी आगे बढ़ाएंगे।

ध्यानाकर्षण प्रस्तावों में उठेंगे ये अहम मुद्दे

आज की कार्यवाही में पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण का विषय प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके साथ ही जांजगीर-चांपा जिले में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा। इन मामलों पर विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश करेगा।

विधायक सदन में रखेंगे अपनी याचिकाएं

विधायक सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा और रोहित साहू अपनी-अपनी याचिकाएं सदन में पेश करेंगे। इन प्रस्तावों के जरिए क्षेत्रीय और जनहित से जुड़े कई विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

तीखी बहस के पूरे आसार

प्रश्नकाल, संभावित अविश्वास प्रस्ताव, नक्सलवाद, पुरातात्विक धरोहरों का संरक्षण, परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि में कथित गड़बड़ी और शासकीय विधायी कार्यों जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस होने की उम्मीद है। ऐसे में मानसून सत्र का दूसरा दिन काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पहले दिन राम मंदिर चंदा विवाद पर मचा था हंगामा

मानसून सत्र के पहले दिन सदन की शुरुआत पंडवानी गायिका पद्मविभूषण डॉ. तीजनबाई को श्रद्धांजलि देकर हुई थी। इसके बाद राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक और नारेबाजी हुई। बढ़ते हंगामे के चलते विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी थी।

Related Articles

Back to top button