छत्तीसगढ़

CG Promotion Order: लंबे इंतजार के बाद राजस्व विभाग के 11 कर्मचारियों को मिली बड़ी जिम्मेदारी, प्रमोशन के साथ बदला वेतन स्तर

 छत्तीसगढ़ :  राजस्व विभाग में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। शासन के आदेश के बाद विभाग के 11 कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है। यह आदेश छत्तीसगढ़ लोक सेवा पदोन्नति नियम 2003 के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है। प्रमोशन के साथ कर्मचारियों के वेतन मैट्रिक्स में भी बदलाव किया गया है।

7 सहायक ग्रेड-03 कर्मचारियों को मिली नई जिम्मेदारी

राजस्व विभाग में कार्यरत 7 सहायक ग्रेड-03 कर्मचारियों को सहायक ग्रेड-02 के पद पर पदोन्नत किया गया है। प्रमोशन के बाद इन कर्मचारियों को संशोधित वेतन मैट्रिक्स के लेवल-6 में रखा गया है। इस स्तर पर वेतन बैंड 5200 से 20200 और ग्रेड पे 2400 निर्धारित है।पदोन्नति पाने वाले कर्मचारियों में सूरज प्रसाद सोनी, वर्षा राजपूत, ईश्वरदास वैष्णव, दिनेश कुमार पटेल, सुमन पाण्डे, तुलसी राम देवांगन और विनोद राऊतिया शामिल हैं।

भृत्य से सहायक ग्रेड-03 बने 4 कर्मचारी

विभागीय पदोन्नति समिति की अनुशंसा के आधार पर 4 भृत्यों को भी पदोन्नति का लाभ मिला है। इन्हें सहायक ग्रेड-03 के पद पर नियुक्त किया गया है। प्रमोशन के बाद इन कर्मचारियों को संशोधित वेतन मैट्रिक्स लेवल-4 में रखा गया है। इस स्तर पर वेतन बैंड 5200 से 20200 और ग्रेड पे 1900 तय किया गया है।इस सूची में अनंत कुमार, कृष्ण कुमार डहरिया, परमानंद यादव और राहुल कुर्रे के नाम शामिल हैं।

नई पदस्थापना तक अस्थायी रूप से संभालेंगे जिम्मेदारी

जारी आदेश के अनुसार पदोन्नति पाने वाले सभी 11 कर्मचारियों को उनके नवीन पदस्थापना स्थल पर आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है। यानी प्रमोशन के साथ उन्हें नई जिम्मेदारियां भी संभालनी होंगी।

कलेक्टर ने दी बधाई, जनता से जुड़े काम पर दिया जोर

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने सभी पदोन्नत कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पदोन्नति कर्मचारियों की सेवा, कार्य और वरिष्ठता के प्रति शासन के सम्मान को दर्शाती है। नई जिम्मेदारी के साथ कर्मचारियों को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से काम करना चाहिए।कलेक्टर ने सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने की जरूरत भी बताई, ताकि आम नागरिकों को अपने काम के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

राजस्व विभाग में व्यवहार और संवेदनशीलता भी जरूरी

कलेक्टर ने कर्मचारियों को याद दिलाया कि राजस्व विभाग का सीधा संबंध आम लोगों से रहता है। जमीन, आय, निवास और अन्य राजस्व संबंधी कामों के लिए बड़ी संख्या में नागरिक विभागीय कार्यालयों का रुख करते हैं। ऐसे में कर्मचारियों का व्यवहार विनम्र और संवेदनशील होना जरूरी है।लंबे समय से प्रमोशन की प्रतीक्षा कर रहे 11 कर्मचारियों के लिए यह आदेश नई जिम्मेदारी के साथ करियर में आगे बढ़ने का अवसर लेकर आया है। आदेश के बाद कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।

Related Articles

Back to top button