CG Raipur Rail Mandal: रायपुर रेल मंडल को मिले नए सीनियर DCM, SECR में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इस फेरबदल के तहत रायपुर रेल मंडल को नए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Senior DCM) के रूप में डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव की नियुक्ति की गई है। वे अब तक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के पद पर कार्यरत थे। नई जिम्मेदारी में वे अवधेश त्रिवेदी का स्थान लेंगे।
SECR को मिला नया CPRO
डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के रायपुर रेल मंडल में स्थानांतरण के बाद शेख समी उर रहमान ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) का पदभार संभाल लिया है। रेलवे प्रशासन ने इस बदलाव के साथ नई जिम्मेदारियां सौंप दी हैं।
2015 बैच के IRTS अधिकारी हैं शेख समी उर रहमान
शेख समी उर रहमान भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के वर्ष 2015 बैच के अधिकारी हैं। इससे पहले वे पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने सहायक परिचालन प्रबंधक (AOM), मंडल परिचालन प्रबंधक (DOM) और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी (Sr. DSO) जैसे अहम पदों पर भी कार्य किया है।
दुर्ग के रहने वाले हैं नए CPRO
छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी शेख समी उर रहमान ने एनआईटी रायपुर से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) में बीटेक की पढ़ाई पूरी की है। इसके बाद उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) में स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 14 दिसंबर 2016 को भारतीय रेल में अपनी सेवाओं की शुरुआत की थी।
रेलवे प्रशासन में नई जिम्मेदारियों का दौर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को संगठनात्मक मजबूती की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नए अधिकारियों के कार्यभार संभालने के साथ रेलवे के वाणिज्यिक और जनसंपर्क कार्यों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।




