Chintan Shivir 3.0: योग से हुई नई शुरुआत, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिया स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश

रायपुर। चिंतन शिविर 3.0 के दूसरे दिन की शुरुआत सकारात्मक ऊर्जा और स्वास्थ्य के संदेश के साथ हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) नवा रायपुर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित विशेष योग सत्र में मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने योग को स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवन की मजबूत नींव बताया।
योग हमारी प्राचीन विरासत, इसे दिनचर्या का हिस्सा बनाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। यह केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन जीने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक क्षमता मजबूत होती है, साथ ही व्यक्ति का प्रकृति के साथ जुड़ाव भी बढ़ता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
सुशासन के लिए स्वस्थ मन और शरीर जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावी प्रशासन और बेहतर निर्णय क्षमता के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है। इसी सोच के साथ चिंतन शिविर के प्रत्येक दिन की शुरुआत योग से की जा रही है, ताकि सकारात्मक सोच, एकाग्रता और नई ऊर्जा के साथ राज्य के विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा की जा सके।
योग से मिलेगा अनुशासन और सकारात्मक सोच को बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक योगाभ्यास न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवनशैली को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि चिंतन शिविर 3.0 में योग की शुरुआत प्रतिभागियों को नई ऊर्जा देगी और राज्य के विकास के लिए बेहतर निर्णय लेने में सहायक होगी।
योग सत्र में मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
इस विशेष योग सत्र में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित आईआईएम नवा रायपुर के अधिकारी भी उपस्थित रहे।




