सड़क हादसों का सिलसिला जारी, रायपुर, कवर्धा, जांजगीर-चांपा और कोंडागांव में चार बड़े हादसे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंगलवार सुबह अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरे को उजागर कर दिया। रायपुर, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा और कोंडागांव में हुई चार अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। कुछ स्थानों पर यातायात भी प्रभावित रहा।
रायपुर में ट्रैक्टरों से लदा ट्रेलर पलटा
राजधानी रायपुर के सरोना फ्लाईओवर पर दुर्ग से रायपुर आ रहा ट्रैक्टरों से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रेलर के सड़क के बीचों-बीच पलटने से दुर्ग-रायपुर मार्ग पर लंबा जाम लग गया और आवागमन बाधित हो गया।हादसे में ट्रेलर के नीचे कई ट्रैक्टर दब गए, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा। हालांकि इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर हटाने का काम शुरू किया। ट्रेलर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश की जा रही है। यातायात को सुचारू रखने के लिए लोगों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
कबीरधाम में हाफ नदी में गिरी इनोवा
कबीरधाम जिले के पांडातराई मोड़ स्थित हाफ नदी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। कार जबलपुर से कोरबा जा रही थी। हादसे में कार सवार पति-पत्नी घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।बताया जा रहा है कि तेज मोड़, बारिश और कम दृश्यता के कारण चालक सड़क की दिशा का सही अनुमान नहीं लगा सका। स्थानीय लोगों ने इस स्थान को दुर्घटना संभावित क्षेत्र बताते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और निर्माणाधीन पुल का कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है।
जांजगीर-चांपा में युवक की मौत
चांपा रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर के बाद एक युवक सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान विशाल सूर्यवंशी, निवासी कोसमंदा गांव के रूप में हुई है। वहीं दूसरे बाइक चालक रोशन चंद्रा, निवासी ओड़ेकेरा गांव, घायल हो गए हैं और उनका उपचार अस्पताल में जारी है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।
कोंडागांव में बस और ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत
कोंडागांव जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सुकुरपाल के पास एक यात्री बस और ट्रैक्टर की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में टूट गया। हालांकि ट्रैक्टर चालक सुरक्षित बच गया और बस में सवार सभी यात्रियों को भी कोई गंभीर चोट नहीं आई।घटना के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवागमन बहाल कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।



