छत्तीसगढ़

आत्मानंद स्कूलों की संविदा भर्ती अटकी, रायपुर में 152 पद खाली, पढ़ाई पर बढ़ा असर

 छत्तीसगढ़ :  आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में संविदा शिक्षकों की भर्ती फिलहाल अधर में लटक गई है। राजधानी रायपुर के 33 स्कूलों में शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के 152 पद अब भी रिक्त हैं। कुछ महीने पहले इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी और 26 मई को पात्र तथा अपात्र अभ्यर्थियों की सूची भी जारी कर दी गई थी। अभ्यर्थी मेरिट सूची का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही 30 मई को लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रदेशभर में चल रही पूरी संविदा भर्ती प्रक्रिया निरस्त कर दी।

स्कूलों में पढ़ाई शुरू, लेकिन शिक्षक अब भी नहीं मिले

प्रदेश में 16 जून से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन अब तक नई भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया था कि आगे की नियुक्तियां विभाग स्तर पर कराई जाएंगी। आदेश जारी हुए काफी समय बीत चुका है, फिर भी नई प्रक्रिया को लेकर कोई आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। इससे अभ्यर्थियों के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन भी असमंजस में है।

स्टाफ की कमी से प्रभावित हो रही पढ़ाई

रायपुर के कई आत्मानंद स्कूल सीमित शिक्षकीय स्टाफ के सहारे संचालित हो रहे हैं। अनेक संस्थानों में आधे से अधिक पद खाली होने के कारण नियमित कक्षाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है। स्थिति ऐसी बन गई है कि कुछ अभिभावक अपने बच्चों का दूसरे स्कूलों में दाखिला कराने की मांग कर रहे हैं, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

भनपुरी और गुढ़ियारी स्कूलों में सबसे अधिक रिक्तियां

राजधानी में संचालित 33 आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में सबसे ज्यादा रिक्तियां काशीराम स्कूल भनपुरी और शशिबाला स्कूल गुढ़ियारी में हैं। दोनों स्कूलों में 11-11 पद खाली बताए जा रहे हैं। इनमें हिंदी, संस्कृत, कॉमर्स, जीव विज्ञान, कला, भौतिक विज्ञान के व्याख्याता, हिंदी और अंग्रेजी शिक्षक, सहायक शिक्षक, पीटीआई तथा लैब अटेंडेंट जैसे पद शामिल हैं।

शिक्षकों की कमी से पहले भी हो चुका है विवाद

कुछ समय पहले बूढ़ापारा स्थित आत्मानंद सप्रे स्कूल में 12वीं कक्षा के कॉमर्स और कला संकाय के लिए शिक्षक उपलब्ध नहीं थे। उस दौरान विद्यार्थियों को दूसरे स्कूलों में प्रवेश लेने की सलाह दी गई थी, जिससे अभिभावकों और छात्रों में नाराजगी फैल गई थी। विरोध के बाद जिला शिक्षा विभाग ने डीएमएफ फंड के माध्यम से अस्थायी रूप से शिक्षकों की व्यवस्था कर स्थिति संभाली थी।

नई भर्ती में सीबीटी परीक्षा की तैयारी

अब तक आत्मानंद स्कूलों में संविदा नियुक्तियां शैक्षणिक योग्यता, मेरिट, दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार के आधार पर की जाती थीं। हालांकि विभागीय सूत्रों के अनुसार, अब भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी सीबीटी लागू की जा सकती है। फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है, इसलिए अभ्यर्थियों को नई भर्ती अधिसूचना का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button