नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार: PM मोदी बोले- जहां कभी था आतंक, वहां आज विकास और विश्वास का नया दौर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की मुहिम को देश के विकास और जनविश्वास की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि सरकार ने माओवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया था और अब उसके सकारात्मक परिणाम पूरे देश के सामने दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में कभी हिंसा, डर और अविश्वास का माहौल था, वहां अब विकास, सुशासन और नई संभावनाओं का दौर शुरू हो चुका है।
कभी विकास कार्यों पर लगती थी रोक
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोगों का जीवन लगातार भय के साये में गुजरता था। सड़क निर्माण, मोबाइल नेटवर्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में नक्सली लगातार बाधाएं उत्पन्न करते थे। कई बार निर्माण सामग्री को आग के हवाले कर दिया जाता था, ठेकेदारों को धमकाया जाता था और विकास परियोजनाओं को रोकने की कोशिश की जाती थी।
सड़क, मोबाइल और बैंकिंग सेवाओं से बदली तस्वीर
उन्होंने बताया कि तमाम चुनौतियों के बावजूद सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। पिछले कुछ वर्षों में हजारों किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ, दूरदराज के इलाकों में मोबाइल टावर लगाए गए और संचार सुविधाओं का विस्तार किया गया। इसके साथ ही बैंकिंग, डाक सेवाओं और वित्तीय समावेशन के जरिए लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बदलाव केवल बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के जीवन में भरोसा और नए अवसर भी लेकर आया है।
सिर्फ सुरक्षा नहीं, जनकल्याण पर भी रहा फोकस
प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई केवल सुरक्षा बलों के दम पर नहीं लड़ी गई। सरकार ने सुरक्षा के साथ-साथ आम लोगों की जरूरतों और आकांक्षाओं को भी प्राथमिकता दी। कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, गरीबों को उनका अधिकार दिलाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास मजबूत करने के प्रयासों ने इस बदलाव को संभव बनाया।
बस्तर की नई पहचान बना विकास और खेल
प्रधानमंत्री ने बस्तर का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां कभी हिंसा और आतंक का माहौल था, वहां आज युवाओं की प्रतिभा खेल और सकारात्मक गतिविधियों के जरिए सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों में लाखों युवाओं की भागीदारी इस परिवर्तन का प्रमाण है। इससे साफ है कि अब यहां के युवा हिंसा नहीं, बल्कि शिक्षा, खेल और विकास के रास्ते को अपना रहे हैं।
CM विष्णुदेव साय बोले- बस्तर में बदलाव साफ दिखाई दे रहा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, सुरक्षा बलों की बहादुरी और केंद्र-राज्य सरकार की समन्वित रणनीति ने बस्तर समेत पूरे नक्सल प्रभावित क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि जहां कभी नक्सलवाद का आतंक था, वहां आज सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकास और सुशासन का राष्ट्रीय मॉडल बनेगा तथा बस्तर देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।




