अन्य खबरें

लाल मैदान स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के सामने कंक्रीट सड़क निर्माण की उठी मांग, एनएमडीसी प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन

बरसात में जलभराव और कीचड़ से व्यापार प्रभावित, ग्राहकों व आमजन को हो रही परेशानी; शीघ्र सीमेंटीकरण कराने की मांग

बचेली : बचेली के एनएमडीसी क्षेत्र के लाल मैदान स्थित शीट युक्त शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के सामने लंबे समय से जर्जर और कच्ची पड़ी सड़क को लेकर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ती जा रही है। इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर पत्रकार एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा एनएमडीसी बचेली कॉम्प्लेक्स के मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में कंक्रीट सीमेंटीकरण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया है कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के सामने का क्षेत्र वर्तमान में कच्चा एवं ऊबड़-खाबड़ है। बरसात के दिनों में यहां पानी का जमाव और कीचड़ की स्थिति बन जाती है, जिससे दुकानदारों, ग्राहकों तथा आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं और लोगों का आवागमन कठिन हो जाता है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि लाल मैदान स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बचेली के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में से एक है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी, स्थानीय नागरिक और उपभोक्ता पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क के सीमेंटीकरण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र की सुंदरता और स्वच्छता में भी सुधार होगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने एनएमडीसी प्रबंधन से बरसात के मौसम को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

लोगो का कहना है कि यदि सड़क का सीमेंटीकरण कराया जाता है तो वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा और व्यापारियों सहित आम नागरिकों को राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button