राष्ट्रीय

भोपाल से जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी उड़ान शुरू, दिल्ली एनसीआर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत

 भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए सीधी और नियमित हवाई सेवा शुरू हो गई है। लंबे समय से इस रूट पर उड़ान का इंतजार कर रहे यात्रियों को अब बड़ी सुविधा मिलेगी। नई सेवा शुरू होने से नोएडा के साथ साथ दिल्ली एनसीआर के कई शहरों तक सफर पहले से अधिक आसान हो जाएगा।

पहली उड़ान का वाटर सैल्यूट से हुआ स्वागत

इस रूट पर पहली नियमित उड़ान इंडिगो एयरलाइंस ने शुरू की है। एयरलाइन की फ्लाइट बुधवार शाम निर्धारित समय पर राजा भोज एयरपोर्ट पहुंची, जहां एयरपोर्ट प्रबंधन ने पारंपरिक वाटर सैल्यूट देकर विमान का स्वागत किया।

इस मार्ग पर फिलहाल 72 सीटों वाले विमान का संचालन किया जा रहा है।

पहले दिन कैसा रहा यात्रियों का रिस्पांस

नई हवाई सेवा के पहले दिन नोएडा से केवल 9 यात्री भोपाल पहुंचे, जबकि भोपाल से 36 यात्रियों ने जेवर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस रूट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ेगी।

दिल्ली एनसीआर के कई शहरों तक पहुंच होगी आसान

नई फ्लाइट शुरू होने से ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेरठ, बुलंदशहर और आसपास के क्षेत्रों में आने जाने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव कम होने की भी संभावना जताई जा रही है।

जानिए फ्लाइट का पूरा शेड्यूल

निर्धारित समय के अनुसार विमान शाम 5:20 बजे जेवर एयरपोर्ट से रवाना होगा और शाम 6:50 बजे भोपाल पहुंचेगा। इसके बाद फ्लाइट शाम 7:10 बजे भोपाल से उड़ान भरेगी और रात 9:25 बजे जेवर एयरपोर्ट पहुंचेगी।

कितना होगा टिकट का किराया

विभिन्न ट्रैवल पोर्टलों के अनुसार भोपाल से जेवर एयरपोर्ट के लिए टिकट की शुरुआती कीमत करीब 9,168 रुपये है। हालांकि किराया यात्रा की तारीख, सीटों की उपलब्धता और बुकिंग के समय के अनुसार कम या ज्यादा हो सकता है।

Related Articles

Back to top button