युवक और आरक्षक के बीच मारपीट, SSP ने पुलिसकर्मी को किया लाइन अटैच

बिलासपुर। शहर के तारबाहर थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप पर बाइक टकराने की मामूली घटना ने मारपीट का रूप ले लिया। विवाद में एक युवक और पुलिस आरक्षक के बीच हाथापाई हुई, जिसके बाद मामला थाने पहुंच गया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने संबंधित आरक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।
पेट्रोल भरवाने के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, दयालबंद निवासी शिवा गोरख ने शिकायत में बताया कि वह मंगलवार रात करीब 8 बजे अंबा पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। भीड़ अधिक होने के कारण उनकी बाइक दूसरी बाइक से हल्की टकरा गई। इसी बात को लेकर सतीश ताती से कहासुनी शुरू हो गई।
फोन कर बुलाया आरक्षक, मारपीट का आरोप
शिकायत के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर सतीश ताती ने अपने परिचित आरक्षक अभिषेक बक्श को फोन कर मौके पर बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद आरक्षक और सतीश ने मिलकर शिवा गोरख के साथ मारपीट की। इसके बाद पीड़ित ने तारबाहर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर पुलिस ने सतीश ताती और आरक्षक अभिषेक बक्श के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
SSP ने तत्काल लिया एक्शन
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरक्षक अभिषेक बक्श को लाइन अटैच करने का आदेश जारी किया। बताया जा रहा है कि संबंधित आरक्षक पिछले लगभग 15 दिनों से अवकाश पर था। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।




