जगदलपुर में गंगानगर वार्ड में देर रात बवाल, हथियार लेकर पहुंचे युवकों ने की तोड़फोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर : बोधघाट थाना क्षेत्र स्थित गंगानगर वार्ड में आपसी विवाद के बाद हिंसा और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। देर रात कुछ युवकों ने इलाके में जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि चाकू और तलवार जैसे हथियारों से लैस युवक कई घरों तक पहुंच गए और तोड़फोड़ के साथ लोगों में दहशत फैला दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
विवाद के बाद हिंसक हुआ मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गंगानगर वार्ड में कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसके बाद कुछ युवक हथियार लेकर वापस पहुंचे और मारपीट के साथ कई घरों में तोड़फोड़ की। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोग सहम गए और कई परिवार अपने घरों में ही बंद हो गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक खुलेआम तोड़फोड़ करता नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे जांच का हिस्सा बनाते हुए आरोपियों की पहचान की कार्रवाई तेज कर दी है।
लोगों ने उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों, ठेला संचालकों और मोहल्लेवासियों ने इलाके में बढ़ रही असामाजिक गतिविधियों पर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि कुछ युवक लगातार क्षेत्र में उपद्रव करते हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल बना रहता है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
सूचना मिलते ही बोधघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश जारी है।
आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील भी की गई है।




