छत्तीसगढ़

पहली तेज बारिश में रायपुर रेलवे स्टेशन की खुली पोल, प्लेटफॉर्म की छत से झरने की तरह गिरा पानी, यात्री हुए परेशान

रायपुर। मानसून की पहली तेज बारिश ने ए-1 श्रेणी के रायपुर रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। शनिवार शाम करीब 5 बजे हुई बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 की छत से कई जगहों पर पानी झरने की तरह टपकने लगा। हालात ऐसे बन गए कि शेड के नीचे खड़े यात्री भी भीगने लगे और उन्हें सुरक्षित जगह की तलाश में इधर-उधर भागना पड़ा।

प्लेटफॉर्म पर मची अफरा-तफरी

बारिश शुरू होते ही प्लेटफॉर्म पर पानी भरने लगा। छत से लगातार पानी टपकने के कारण यात्रियों को अपना सामान उठाकर दूसरी जगह जाना पड़ा। कई लोगों को फिसलन और जलभराव के बीच चलने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए कुछ देर की बारिश ही बड़ी परेशानी बन गई।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने शेड से गिरते पानी और अव्यवस्था के वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किए। ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं और रेलवे स्टेशन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

गुढ़ियारी अंडरब्रिज भी हुआ जलमग्न

बारिश का असर गुढ़ियारी अंडरब्रिज में भी देखने को मिला। अंडरब्रिज में पानी भर जाने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। शाम से देर रात तक इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।

मानसून की शुरुआत में ही व्यवस्था पर उठे सवाल

मानसून की पहली ही तेज बारिश में रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनने से स्टेशन की रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि ए-1 श्रेणी के स्टेशन पर ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए और बारिश से पहले आवश्यक मरम्मत व जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Related Articles

Back to top button