छत्तीसगढ़

पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव कल

0 हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजन
0 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ
0 मंत्रीगण, देश के वरिष्ठ पत्रकार होंगे शामिल

रायपुर। हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रायपुर प्रेस क्लब 30 मई शनिवार को ‘पत्रकारिता गौरव मार्तण्ड उत्सव’ का आयोजन करेगा। श्रीराम मंदिर परिसर स्थित सुंदर सदन में 4 सत्रों में कार्यक्रम होगा। पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। शुभारंभ सत्र में वित्तमंत्री ओपी चौधरी, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल होंगे। इस अवसर पर देश के वरिष्ठ पत्रकार व शिक्षाविद तथा इंडिया हैबीटेट सेंटर के निर्देशक केजी सुरेश भी उपस्थित रहेंगे।

शुभारंभ सत्र के पश्चात हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने की एतिहासिक उपलब्धि पर व्याख्यान माला का आयोजन दो चरणों में होगा। प्रथम सत्र का विषय ‘स्याही से स्क्रीन तक’ (संभावनाएं एवं चुनौती) है । इस सत्र में मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार एवं चिंतक हर्षवर्धन त्रिपाठी, माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति विजय मनोहर तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार गिरीश पंकज, वरिष्ठ पत्रकार एवं विचारक करीमुद्दीन व प्रधान संपादक आज की जनाधारा सुभाष मिश्रा होंगे।
व्याख्यान माला का दूसरा सत्र शाम 4 बजे से प्रारंभ होगा जो ‘पत्रकारिता – न्यूज रूम से न्यू मीडिया तक संभावनाएं एवं चुनौतियां’ विषय पर केन्द्रित रहेगा । इस सत्र के मुख्य वक्ता राष्ट्रवाणी के प्रधान संपादक अमिताभ अग्निहोत्री, बंसल न्यूज के प्रधान संपादक शरद द्विवेदी, आईबीसी 24 के मैनेजिंग एडिटर विश्वेश ठाकरे, वरिष्ठ पत्रकार एवं विचारक रुद्र अवस्थी व वरिष्ठ पत्रकार अनिल पुसदकर होंगे।
शाम 6 बजे से सांस्कृतिक संध्या का सत्र होगा जिसमें गीत संगीत के कार्यक्रम होंगे जिसमें पत्रकार भी अपनी भागीदारी करेंगे ।

रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहु, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, सहसचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े ने सभी पत्रकारों, बुद्धिजीवियों व गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है।

Related Articles

Back to top button