छत्तीसगढ़

बिलासपुर में रसोई गैस का नया दौर, एलपीजी सिलेंडर की जगह अब घर-घर पहुंचेगी पाइप से गैस

 बिलासपुर :  घरेलू रसोई गैस व्यवस्था जल्द ही नई दिशा में कदम रखने जा रही है। शहर में एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम करने के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस सेवा शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अडानी टोटल गैस लिमिटेड तेजी से पीएनजी नेटवर्क का विस्तार कर रही है और कंपनी ने 31 जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित गैस आपूर्ति शुरू करने का लक्ष्य तय किया है।

330 से ज्यादा लोगों ने कराया पंजीकरण

पीएनजी सेवा को लेकर शहरवासियों का उत्साह बढ़ता दिखाई दे रहा है। कंपनी के मुताबिक अब तक 330 से अधिक परिवार कनेक्शन के लिए आवेदन कर चुके हैं। इनमें से करीब 30 घरों में मीटर लगाने और कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पहले चरण में राजकिशोर नगर के उपभोक्ताओं को सेवा मिलेगी, जबकि इसके बाद मोपका, सरकंडा और गीतांजलि सिटी में विस्तार किया जाएगा।

54 किलोमीटर का नेटवर्क तैयार

घरों तक पाइप के माध्यम से गैस पहुंचाने के लिए शहर में लगभग 54 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। कंपनी लगातार नए इलाकों में नेटवर्क का विस्तार कर रही है, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

कम शुरुआती खर्च में मिलेगा कनेक्शन

पीएनजी कनेक्शन की अनुमानित कुल लागत करीब छह हजार रुपये तय की गई है। इसमें गैस मीटर, पाइपलाइन, फिटिंग और अन्य जरूरी उपकरण शामिल हैं। उपभोक्ताओं को एकमुश्त राशि जमा करने की जरूरत नहीं होगी। आसान किस्तों की सुविधा के साथ करीब 1300 रुपये के शुरुआती भुगतान पर कनेक्शन लिया जा सकेगा।

कच्छार गैस प्लांट से होगी सप्लाई

घरेलू गैस की आपूर्ति कच्छार स्थित ट्रांसमिशन गैस प्लांट से की जाएगी। इस प्लांट तक नेचुरल गैस पहुंचनी शुरू हो चुकी है और इसे शहर के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने वाला पाइपलाइन नेटवर्क भी तैयार है। कंपनी का कहना है कि नियमित सप्लाई शुरू करने के लिए आवश्यक तकनीकी और आधारभूत तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

तीन चरणों में पूरे शहर तक पहुंचेगी सेवा

पीएनजी नेटवर्क का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। पहले चरण में राजकिशोर नगर, मोपका, सरकंडा और गीतांजलि सिटी को शामिल किया गया है। इसके बाद दूसरे चरण में मंगला और तीसरे चरण में कोनी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को यह सुविधा मिलेगी। फिलहाल परीक्षण कार्य चल रहा है और सबसे पहले राजकिशोर नगर में गैस आपूर्ति शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

31 जुलाई से शुरुआत की तैयारी

कंपनी के स्टेट हेड विनोद साहू के अनुसार बिलासपुर में पीएनजी सेवा को लेकर लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। बड़ी संख्या में आवेदन मिलने के बाद कई घरों में मीटर लगाने का काम शुरू हो चुका है। तय योजना के मुताबिक 31 जुलाई तक राजकिशोर नगर में गैस आपूर्ति शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद अन्य इलाकों में भी क्रमवार पीएनजी सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

Related Articles

Back to top button