छत्तीसगढ़

बचेली सब्जी बाजार में दिखी नई व्यवस्था, पहली बार खरीदारों को मिला खुला और सुगम रास्ता

नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त पहल से सड़क हुई अतिक्रमण मुक्त, दुकानदारों के सहयोग से बाजार दिखा पहले से अधिक व्यवस्थित; अब इस व्यवस्था को स्थायी बनाए रखने पर टिकी लोगों की उम्मीदें

बचेली।रविवार को बचेली का साप्ताहिक सब्जी बाजार वर्षों बाद एक बदले हुए स्वरूप में नजर आया। नगर पालिका प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद बाजार क्षेत्र में दुकानों को निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित कराया गया, जिससे मुख्य मार्ग पूरी तरह खुला दिखाई दिया। लंबे समय से अव्यवस्थित बाजार के कारण होने वाली भीड़, जाम और आवाजाही की परेशानी से लोगों को इस बार काफी राहत मिली। मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीटीएम कृष्णा राव स्वयं मौजूद रहकर स्थिति को देख रहे थे और व्यवस्था करवा रहे थे

कार्रवाई के दौरान दोपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए अलग व्यवस्था की गई, जबकि सब्जी और फल विक्रेताओं को सड़क के बीचों-बीच दुकान लगाने के बजाय तय स्थानों पर बैठाया गया। इससे बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को बिना किसी रुकावट के आवागमन करने में सुविधा मिली। बाजार का बदला हुआ स्वरूप स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

व्यवस्थित बाजार का सबसे बड़ा लाभ आपातकालीन सेवाओं को भी मिला। पहले जहां भीड़ और अतिक्रमण के कारण एम्बुलेंस अथवा अन्य आवश्यक वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता था, वहीं इस बार मार्ग खुला रहने से ऐसी स्थिति में तत्काल आवाजाही संभव दिखाई दी।

खरीदारों के साथ-साथ कई दुकानदारों ने भी माना कि निर्धारित व्यवस्था में व्यापार करना अधिक सुविधाजनक रहा। बाजार में अनावश्यक भीड़ कम होने से ग्राहकों तक पहुंच आसान हुई और पूरे क्षेत्र में पहले की तुलना में अधिक अनुशासन देखने को मिला।

बचेली का साप्ताहिक बाजार आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की जरूरतों का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यहां सुव्यवस्थित व्यवस्था न केवल खरीदारी को आसान बनाएगी, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी सकारात्मक साबित होगी।

फिलहाल शुरुआत उत्साहजनक है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि यह अनुशासन आने वाले हर बाजार दिवस पर भी इसी तरह कायम रहता है या नहीं।

Related Articles

Back to top button