छत्तीसगढ़ के मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा को ‘अति विशिष्ट सेवा मेडल’, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का अवसर उस समय आया जब प्रदेश के पाटन से जुड़े मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ‘अति विशिष्ट सेवा मेडल’ से सम्मानित किया। भारतीय सेना में उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, उल्लेखनीय सेवाओं और राष्ट्र के प्रति समर्पित योगदान के लिए उन्हें यह प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान प्रदान किया गया।
करीब चार दशक तक निभाई अहम जिम्मेदारियां
मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा ने लगभग चार दशकों तक भारतीय सेना में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। अपने सैन्य जीवन के दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर, सियाचिन, कारगिल और पूर्वोत्तर भारत जैसे संवेदनशील एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में सेवाएं दीं। आतंकवाद और उग्रवाद विरोधी कई अभियानों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
प्रशिक्षित हेलीकॉप्टर पायलट के रूप में भी दी सेवाएं
सैन्य नेतृत्व के साथ-साथ मेजर जनरल शर्मा भारतीय सेना के प्रशिक्षित हेलीकॉप्टर पायलट भी रहे हैं। उन्होंने विभिन्न परिचालन अभियानों में हेलीकॉप्टर उड़ाकर सेना की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
फ्रांस में रक्षा अताशे रहते मजबूत हुए रक्षा संबंध
उन्होंने करीब साढ़े तीन वर्षों तक फ्रांस में भारत के रक्षा अताशे के रूप में भी कार्य किया। इस दौरान फ्रांस के अलावा बेल्जियम, नीदरलैंड्स और लक्ज़मबर्ग भी उनके कार्यक्षेत्र में शामिल रहे। उनके कार्यकाल में भारत और फ्रांस के बीच रक्षा सहयोग को नई मजबूती मिली। इसी अवधि में राफेल लड़ाकू विमान और स्कॉर्पीन पनडुब्बी जैसी महत्वपूर्ण रक्षा परियोजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फ्रांस दौरों के दौरान भी दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को और मजबूती मिली।
मेक इन इंडिया अभियान से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व
वर्तमान में मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा इंडो-रशियन राइफल्स प्राइवेट लिमिटेड में मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में भारत सरकार की ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत रूस के सहयोग से भारतीय सेना के लिए छह लाख अत्याधुनिक एके-203 असॉल्ट राइफलों का निर्माण किया जा रहा है। इसे देश की रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है।
पहले भी मिल चुके हैं कई सैन्य सम्मान
मेजर जनरल शर्मा को इससे पहले उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दो बार सेना मेडल और एक बार विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। ‘अति विशिष्ट सेवा मेडल’ उनके सैन्य जीवन का चौथा बड़ा राष्ट्रीय सैन्य सम्मान है।
प्रदेशभर से मिल रही बधाइयां
इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक संगठनों ने मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा को शुभकामनाएं दी हैं। उनकी इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया जा रहा है।




