बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड की हत्या, चार बाल अपचारी फरार, पुलिस ने शुरू किया बड़ा सर्च अभियान

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड की हत्या से सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह ड्यूटी के दौरान सुरक्षा गार्ड का शव मिलने के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में चार बाल अपचारियों की संलिप्तता सामने आई है, जो घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।
मारपीट के बाद बांधे हाथ-पैर, दम घुटने से मौत की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चारों बाल अपचारियों ने पहले सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की। इसके बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में गमछा ठूंस दिया। पुलिस को आशंका है कि दम घुटने से उनकी मौत हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। नरेंद्र कुमार खांडे पिछले करीब एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे।
घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। परिजनों का आरोप है कि नरेंद्र कुमार खांडे को नियमित साप्ताहिक अवकाश नहीं दिया जाता था। उन्होंने संस्था के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने कहा है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच के दौरान पड़ताल की जाएगी।
फरार बाल अपचारियों की तलाश तेज
चारों फरार बाल अपचारियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।




