बचेली में भक्त माता कर्मा जयंती पर भव्य आयोजन, सामाजिक एकता और प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
सामाजिक एकता और प्रतिभाओं का हुआ सम्मान


साहू समाज के पारिवारिक मिलन समारोह में बच्चों की शानदार प्रस्तुति, वरिष्ठों व प्रतिभाशाली युवाओं का सम्मान
दुर्जन सिंह
बचेली। बचेली में तहसील साहू संघ द्वारा साहू समाज की आराध्य देवी संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा की जयंती नगर के वार्ड 4 स्थित आरईएस कॉलोनी के साहू सदन मे बड़े हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर पारिवारिक मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य समाज के सभी सदस्यों को एक मंच पर लाना, आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनएमडीसी बचेली के उप महाप्रबंधक सौरभ कुमार , विशिष्ट अतिथि मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीटीएम कृष्णाराव, थाना प्रभारी प्रहलाद साहू तथा प्रदेश संयुक्त सचिव बीना साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साहू संघ दंतेवाड़ा के अध्यक्ष एन.आर. साहू ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा माता कर्मा के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर आरती के साथ की गई। इसके बाद सभी अतिथियों का स्वागत गुलदस्ता, शाल और श्रीफल भेंट कर किया गया। नौनिहाल बच्चों ने माता कर्मा की जीवनी पर आधारित प्रस्तुतियां दीं, वहीं बाल कलाकारों के सांस्कृतिक नृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

तहसील अध्यक्ष देवेंद्र कुमार साव ने अपने संबोधन में माता कर्मा की भक्ति, उनके भगवान जगन्नाथ के प्रति समर्पण और जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि सौरभ ने समाज में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया। साथ ही समाज गौरव के रूप में पावरलिफ्टिंग कोच नंदकिशोर साहू और कबड्डी कोच धनेश साहू को सम्मानित किया गया। शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसमें 10वीं-12वीं के टॉप विद्यार्थियों, पावरलिफ्टिंग में स्टेट स्तर पर गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों तथा एमबीबीएस (नीट ) और आईआईटी में चयनित प्रतिभाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

जिला अध्यक्ष एन.आर. साहू ने समाज सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए सभी से सहयोग की अपील की। वहीं प्रदेश संयुक्त सचिव बीना साहू ने प्रदेश स्तर की गाइडलाइन साझा करते हुए समाज विकास के लिए दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के सफल संचालन में उद्घोषक कीर्तन राम साहू और लोकेश साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने में तहसील अध्यक्ष देवेंद्र कुमार साव और सचिव प्रेमलाल कलिहारी की प्रमुख भूमिका रही।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष भगत राम साहू, कर्मचारी अधिकारी प्रकोष्ठ के संयोजक नारायण साहू, महिला प्रकोष्ठ संरक्षक उर्मिला साहू, जिला उपाध्यक्ष अनीता साहू, दंतेवाड़ा तहसील अध्यक्ष वैभव चंदन, उपाध्यक्ष लक्ष्मी सार्वा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण कर पारिवारिक मिलन की भावना को और मजबूत किया। इसी के साथ भक्त माता कर्मा जयंती समारोह का सफल समापन हुआ।




