संडे की सैर कुछ ही पल में मातम में बदली, हाईवे पर ऐसा क्या हुआ कि चार घरों के बुझ गए चिराग?

जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 45 पर रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक जबलपुर के रहने वाले थे और छुट्टी का दिन बिताने के लिए प्रसिद्ध हाथीनाला वॉटरफॉल घूमने पहुंचे थे।
हाईवे किनारे चलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सभी छह युवक नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा स्थित पर्यटन स्थल हाथीनाला वॉटरफॉल से लौट रहे थे। सुआतला थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर के पास वे हाईवे किनारे पैदल चल रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी पांच गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
इलाज के दौरान तीन और युवकों ने तोड़ा दम
नरसिंहपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि पावला निवासी राजेंद्र पटेल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। अन्य पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शहपुरा के पास तीन और युवकों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों और घायलों की पहचान
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान वीरेंद्र लोधी (20), रापाल लोधी (21) निवासी ग्राम पावला तथा जयपाल लोधी (30) निवासी बरपटी के रूप में हुई है। वहीं आकाश लोधी (24) और नीरज लोधी (25) गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का उपचार जबलपुर मेडिकल कॉलेज में जारी है।
फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




