छत्तीसगढ़

दुकान में अचानक मचा हंगामा, फिर कारोबारी को जबरन ले गए… CCTV में कैद हुई पूरी कहानी

 कवर्धा : शहर के पुराने बस स्टैंड इलाके में दिनदहाड़े एक कारोबारी के साथ मारपीट और कथित अपहरण की घटना ने सनसनी फैला दी। आरोप है कि कुछ लोग दुकान में घुसे, कारोबारी से मारपीट की और उन्हें जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

फार्महाउस से पुलिस ने कराया सुरक्षित मुक्त

जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। जांच के दौरान पुलिस ग्राम सैगोना स्थित एक फार्महाउस पहुंची, जहां से कारोबारी चंद्रशेखर चंद्रवंशी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें थाने लाकर शिकायत दर्ज की गई और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई।

लेन-देन का विवाद बना घटना की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विष्णु चंद्रवंशी और शशिकांत चंद्रवंशी के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते विष्णु चंद्रवंशी अपने साथियों के साथ दुकान पहुंचा। आरोप है कि वहां मौजूद शशिकांत चंद्रवंशी के बड़े भाई चंद्रशेखर चंद्रवंशी के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उन्हें जबरन कार में बैठाकर फार्महाउस ले जाया गया, जहां उनके साथ दोबारा मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया।

पांच आरोपी पुलिस हिरासत में

मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विष्णु चंद्रवंशी समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सिटी कोतवाली थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button