बैडमिंटन एकल में चंदन साहू और रामेश्वर मिश्रा के बीच होगी खिताबी भिड़ंत


0 युगल फाइनल में चंदन साहू-सुशील अग्रवाल और सत्येंद्र कर-टीकम वर्मा की जोड़ी के बीच होगी भिड़ंत
0 रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2ः स्व. देवेंद्र कर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2 के तहत आयोजित स्व. देवेंद्र कर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता अब अपने अंतिम और रोमांचक चरण में पहुंच चुकी है। रविवार को यूनियन क्लब में खेले गए एकल और युगल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की। एकल वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में चंदन साहू और युगल में भी चंदन साहू व सुशील अग्रवाल की जोड़ी ने अपने मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई। सोमवार को खेले जाने वाले एकल के फाइनल में अब चंदन साहू का सामना रामेश्वर मिश्रा से होगा। वहीं युगल के फाइनल में चंदन साहू व सुशील अग्रवाल और सत्येंद्र कर व टीकम वर्मा की जोड़ी के बीच खिताबी भिड़ंत होगी।

एकल वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में चंदन साहू ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सुशील अग्रवाल को 30-23 से हराया। मुकाबला शुरुआत से ही प्रतिस्पर्धात्मक रहा। दोनों खिलाड़ियों ने दमदार स्मैश और सटीक रिटर्न के जरिए अंक जुटाए, लेकिन निर्णायक क्षणों में चंदन साहू ने बढ़त बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। उनकी संयमित रणनीति और आक्रामक खेल ने उन्हें जीत दिलाई।
इससे पहले एक अन्य एकल मुकाबले में सुशील अग्रवाल ने टीकम वर्मा को कड़े संघर्ष के बाद 30-27 से हराया था। यह मैच दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला रहा, जिसमें दोनों खिलाड़ियों के बीच अंक दर अंक टक्कर देखने को मिली। अंततः सुशील ने अनुभव का लाभ उठाते हुए जीत दर्ज की।
युगल वर्ग में भी रोमांच कम नहीं रहा। दूसरे सेमीफाइनल में चंदन साहू व सुशील अग्रवाल की जोड़ी ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए टिकेश्वर पटेल व अभिषेक सिंह की जोड़ी को 30-16 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। विजेता जोड़ी ने पूरे मैच के दौरान बढ़त बनाए रखी और विपक्षी टीम को वापसी का मौका नहीं दिया।
इससे पहले खेले गए तीसरे क्वार्टर फाइनल में चंदन साहू व सुशील अग्रवाल की जोड़ी ने संतोष साहू (सीनियर) व शुभोदय सिकदार को 30-23 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। यह मुकाबला अपेक्षाकृत संघर्षपूर्ण रहा, लेकिन निर्णायक समय में बेहतर तालमेल के चलते चंदन और सुशील ने जीत हासिल की। वहीं चौथे क्वार्टर फाइनल में टिकेश्वर पटेल व अभिषेक सिंह की जोड़ी को वॉकओवर मिला, जिससे वे सीधे सेमीफाइनल में पहुंच गए। मैच के निर्णायक विजय मिश्रा, सत्येंद्र कर, टीकम वर्मा व कमलेश गोगिया थे।
आज के सेमीफाइनल मुकाबले को रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने टॉस कराकर शुरू कराया। इस दौरान प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, वरिष्ठ सदस्य राजेश मिश्रा, कृष्णा गोस्वामी, समेत प्रेस क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद थे।
एकल-युगल का फाइनल दोपहर 12.30 बजे से
यूनियन क्लब में 20 अप्रैल को दोपहर 12.30 बजे से युगल का फाइनल और दोपहर 1 बजे से एकल का फाइनल मैच खेला जाएगा।




