दर्दनाक हादसा, आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम समेत तीन की मौत…गांव में पसरा मातम

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। आम बीनने के दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया और बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े दो बच्चों तथा एक युवक पर बिजली गिर गई। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे रुके थे तीनों
यह घटना धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डुमकी की है। जानकारी के अनुसार 36 वर्षीय रामसाय गांव के प्राथमिक शाला के पास मवेशी चरा रहा था। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई।
उधर पांच वर्षीय सागर गांव के आम के पेड़ के नीचे गिरे आम बीन रहा था। उसे देखकर नौ वर्षीय रानी भी वहां पहुंच गई और दोनों बच्चे आम इकट्ठा करने लगे। बारिश तेज होने पर दोनों बच्चे पेड़ के नीचे खड़े हो गए। वहीं मवेशी चरा रहे रामसाय भी बारिश से बचने के लिए उसी पेड़ के नीचे आ गए।
तेज गर्जना के साथ गिरी बिजली, तीनों की चली गई जान
इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिरी, जिसकी चपेट में तीनों आ गए। बिजली गिरने से वे गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। सभी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए धौरपुर अस्पताल भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।
रिश्तेदार के घर आई थी मासूम रानी
बताया जा रहा है कि नौ वर्षीय रानी ग्राम दुप्पी की रहने वाली थी और अपने परिजनों के साथ डुमकी स्थित रिश्तेदार के घर आई हुई थी। आम बीनने के दौरान वह भी हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है।




