छत्तीसगढ़

वाल्टेयर डिवीजन के डीआरएम ललित बोहरा व अन्य रेल्वे अधिकारियो का बचेली दौरा, रेस्ट रूम का किया उदघाटन

दोहरीकरण कब पूरा होगा, पैसेंजर ट्रेन नियमित कब चलेगी?” बचेली दौरे पर डीआरएम से संवाददाता के सवाल,
डीआरएम ललित बोहरा ने कहा 2026 के अंत तक पूरा होगा दोहरीकरण कार्य, नेरली ब्रिज भी इसी वर्ष होगा तैयार,

दुर्जन सिंह

बचेली- ईस्ट कोस्ट रेल्वे के वाल्टेयर रेलमंडल के डिवीजनल रेल्वे मेनेजर ललित बोहरा 12 मई, मंगलवार को दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा के लौह नगरी बचेली विशेष रेल बोगी से बचेली पहुंचे। उनके साथ रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस उच्चस्तरीय दौरे को क्षेत्र के रेल विकास और अधोसंरचना विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।डीआरएम के साथ डिवीजनल इलेक्ट्रिकल इंजीनियर (ऑपरेशन) शिवा नरेश पार्वथम, डिवीजनल ऑपरेशन मैनेजर तन्मय मुखोपाध्याय, डीएसटीई दीपांशु शर्मा तथा डीईएन वेस्ट पी. रामनरासीमाचल भी बचेली पहुंचे।
एनएमडीसी की बीआईओएम बचेली परियोजना के प्रमुख श्रीधर कोडाली एवं विभागाध्यक्षों ने सभी अधिकारियों का आत्मीय एवं जोशीले अंदाज में स्वागत किया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने निक्षेप क्रमांक 5, 10 एवं 11-। सहित खनन एवं प्लांट क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।

रेलवे अधिकारियों और लोको पायलटों को मिली नई सुविधा

दौरे के दौरान रेल्वे स्टेशन के पास रेलवे अधिकारियों एवं लोको पायलटों के लिए बनाए गए नवनिर्मित रेस्ट रूम का उद्घाटन भी किया गया। दो मंजिला इस सर्वसुविधायुक्त भवन में कुल 22 कमरे बनाए गए हैं, जो रेल कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधा प्रदान करेंगे। सभी अधिकारियो ने पौधे भी रोपे।

“दोहरीकरण कब पूरा होगा?” संवाददाता के सवाल पर जवाब-

दौरे के दौरान संवाददाता दुर्जन सिंह ने डीआरएम से क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे। सबसे अहम सवाल था विशाखापट्टनम से किरंदुल तक चल रहे रेल दोहरीकरण कार्य की समयसीमा क्या है?
इस पर डीआरएम ने स्पष्ट कहा कि कुछ हिस्सों में कार्य अभी शेष है, लेकिन वर्ष 2026 के अंत तक दोहरीकरण परियोजना पूर्ण कर ली जाएगी।

नेरली ब्रिज को लेकर भी मिली बड़ी जानकारी

भांसी और बचेली के बीच नेरली में निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण पुल भी इसी वर्ष पूरा होने की संभावना है।

पैसेंजर ट्रेन की अनियमितता पर बोले -जल्द सामान्य होगी व्यवस्था

क्षेत्र के यात्रियों की सबसे बड़ी परेशानी पैसेंजर ट्रेन के नियमित संचालन न होने से है इसको लेकर भी सवाल उठाया गया। संवाददाता ने पूछा कि ट्रेन बीच-बीच में बंद हो जाती है, जिससे आम यात्रियों को भारी दिक्कत होती है।

इस पर डीआरएम ने कहा कि रेल दोहरीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके कारण कई बार संचालन प्रभावित हो रहा है। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्य पूरा होते ही ट्रेन सेवाएं फिर से नियमित रूप से संचालित की जाएंगी।

महाराष्ट्ª-बीजापुर-बचेली नई रेल लाइन पर क्या बोले डीआरएम
महाराष्ट् के गढ़चिरौली-बीजापुर-बचेली नई रेल लाइन परियोजना को लेकर पूछे गए सवाल पर डीआरएम ने कहा कि यह विषय उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता, इसलिए वे इस पर विस्तृत जानकारी नहीं दे सकते। वहीं जगदलपुर-रावघाट रेल परियोजना को लेकर उन्होंने कहा कि उसका कार्य भी जल्द पूरा होगा।

रेल कर्मचारियों की सुविधाओं पर भी हुई चर्चा

संवाददाता ने रेलवे कर्मचारियों के लिए क्वार्टर और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। इस पर डीआरएम ने बताया कि उनके साथ वेलफेयर अधिकारी भी दौरे पर आए हैं और उन्होंने आवासीय क्षेत्र एवं टाउनशिप का निरीक्षण किया है। रेलवे किस प्रकार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा सकता है, इस पर विचार किया जा रहा है।

बैलाडिला बेहद खूबसूरत, यहां का आयरन ओर विश्व प्रसिद्ध

जब डीआरएम से पूछा गया कि बैलाडिला का दौरा उन्हें कैसा लगा, तो उन्होंने क्षेत्र की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बैलाडिला का प्राकृतिक सौंदर्य बेहद मनमोहक और विशाल है। मै यहां पहले भी आ चुका है। यहां आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यहां का लौह अयस्क और एनएमडीसी विश्व स्तर पर प्रसिद्ध है।

आदिवासी क्षेत्र को बेहतर रेल सुविधा देने का भरोसा

दंतेवाड़ा आदिवासी बहुल क्षेत्र होने के कारण यहां के लोगों के लिए रेलवे क्या नई सुविधाएं देगा? इस सवाल पर डीआरएम ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को जल्द से जल्द बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

दौरे के अंत में डीआरएम सहित सभी अधिकारियों ने एनएमडीसी गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ लंच किया। रात्रि विश्राम के बाद वे बचेली से रवाना हुए। दंतेवाड़ा पहुंचकर उन्होंने मां दंतेश्वरी के दर्शन किए और उसके बाद विशाखापट्टनम के लिए प्रस्थान किया।

इस दौरान एनएमडीसी बचेली के उत्पादन विभाग के मुख्य महाप्रबंधक शिवा कुमार, मानव संसाधन विभाग के उपमहाप्रबंधक महेश नायर, सहायक महाप्रबंधक राकेश रंजन तथा वाणिज्य विभाग के सहायक महाप्रबंधक शोभन गणनायक सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button