राष्ट्रीय

17 मई का मौसम अलर्ट: 24 राज्यों में आंधी-बारिश का खतरा, कई इलाकों में पड़ेगी भीषण लू की मार

देशभर में मौसम ने एक साथ दो अलग-अलग रूप दिखाने शुरू कर दिए हैं। एक तरफ कई राज्यों में तेज आंधी और भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है, तो दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाके भीषण गर्मी और लू की चपेट में आने वाले हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है।

मानसून ने दी दस्तक, जल्द केरल पहुंचेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों, अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह के विजयपुरम क्षेत्र में प्रवेश कर लिया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि 26 मई तक मानसून केरल तट पर पहुंच सकता है। हालांकि अल नीनो के असर के कारण इस वर्ष सामान्य से कम बारिश की आशंका जताई जा रही है, जिससे गर्मी रिकॉर्ड तोड़ सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और तेज तूफान का खतरा

मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने के कारण पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 मई तथा 20 से 22 मई के बीच 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ तूफानी मौसम लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

दक्षिण भारत में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश की चेतावनी

केरल, लक्षद्वीप, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में 20 मई तक तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

पूर्वी और मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम

पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में हल्की से लेकर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी 20 मई तक गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रह सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी गर्मी और उमस

दिल्ली और आसपास के इलाकों में इस सप्ताह भीषण गर्मी लोगों को परेशान करेगी। 22 मई तक तापमान लगातार बढ़ने की संभावना है। हालांकि आज आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

इन राज्यों में चलेगी खतरनाक लू

मौसम विभाग ने 17 से 22 मई के बीच कई राज्यों में भीषण लू और उमस को लेकर चेतावनी जारी की है। पश्चिमी राजस्थान में 21 और 22 मई को गंभीर लू चलने की आशंका है। वहीं उत्तर प्रदेश में 19 से 22 मई के बीच गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर सकती हैं। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी 22 मई तक लू का असर बना रहेगा।

पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में बढ़ेगी परेशानी

पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 18 से 22 मई के बीच तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही उमस और चिलचिलाती गर्मी लोगों की मुश्किलें और बढ़ा सकती है।

Related Articles

Back to top button