छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मौसम ने फिर बदला मिजाज…कई जिलों पर बारिश का अलर्ट…जानिए रायपुर समेत कहां बरसेंगे बादल

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय तो है, लेकिन बारिश का प्रदर्शन अब भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में अधिकतम 3 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई, जबकि कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अब तक राज्य में औसत से करीब 18 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर में कमी आने के बाद अब प्रदेश में तेज बारिश के लिए नए मौसम तंत्र का इंतजार है। अगले दो दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम में उमस बनी रह सकती है और बीच-बीच में हल्की बारिश भी हो सकती है।

तापमान में बढ़ोतरी ने बढ़ाई उमस

शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रायपुर और दुर्ग सबसे गर्म जिले रहे। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र के पेंड्रा रोड में 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

क्यों कमजोर पड़ी बारिश

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने अरब सागर से आने वाली नमी वाली हवाओं को अपनी ओर खींच लिया है। इसके कारण असम और बिहार की ओर मानसूनी गतिविधियां बढ़ गई हैं, जबकि छत्तीसगढ़ में बारिश का दायरा सीमित हो गया है।हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में मानसून ब्रेक जैसी स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन फिलहाल व्यापक और लगातार बारिश की संभावना कम है।

इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार सुबह 10 बजे तक कई जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार यदि नया मौसम तंत्र सक्रिय होता है तो अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। फिलहाल लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button