छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, आज से तेज होगी बारिश की रफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से मॉनसून की रफ्तार धीमी रहने के कारण सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने सोमवार से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान जताया है।
सरगुजा संभाग के कई जिलों में भारी बारिश के संकेत
अगले 24 घंटों के दौरान सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर जिले के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की है। वहीं राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं।
दो सक्रिय मौसम प्रणालियों का दिखेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय दो प्रमुख मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। एक चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है, जबकि दूसरा उत्तर-पश्चिम बिहार और उससे लगे क्षेत्रों में सक्रिय है। इन प्रणालियों के कारण बंगाल की खाड़ी से नमी से भरपूर हवाएं लगातार मध्य भारत और छत्तीसगढ़ की ओर पहुंच रही हैं, जिससे बादलों का निर्माण हो रहा है और वर्षा की परिस्थितियां बन रही हैं।
13 जुलाई से बढ़ेगी वर्षा की गतिविधि
मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से इन मौसम प्रणालियों का प्रभाव और मजबूत होगा। इसके चलते प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।




