रायपुर में बुधवार को खास रहेगा दिन, उपराष्ट्रपति के दौरे से पहले पुलिस ने कसी कमर…जानिए पूरा कार्यक्रम और किन रास्तों पर रहेगी नजर

रायपुर। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन बुधवार को रायपुर पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे AIIMS Raipur के तीसरे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्था तक व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। एयरपोर्ट से एम्स तक के पूरे रूट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सुबह रायपुर पहुंचेंगे उपराष्ट्रपति, दोपहर में दिल्ली रवाना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे रायपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से रवाना होने के बाद वे करीब 10:45 बजे AIIMS Raipur पहुंचेंगे। यहां सुबह 11 बजे से आयोजित तीसरे दीक्षांत समारोह में वे शामिल होंगे।दीक्षांत समारोह समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे उपराष्ट्रपति एम्स से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद करीब 1:30 बजे विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
एयरपोर्ट से एम्स तक सुरक्षा का विशेष इंतजाम
वीवीआईपी दौरे को देखते हुए रायपुर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। एयरपोर्ट से AIIMS Raipur तक जाने वाले मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं।सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए संबंधित मार्ग पर रिहर्सल और मॉकड्रिल भी की जा रही है। पुलिस अधिकारी पूरे रूट की निगरानी कर रहे हैं, ताकि उपराष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
उच्च स्तरीय बैठक में पहले ही तय की जा चुकी है जिम्मेदारी
दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकास शील ने मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठक कर सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी इंतजाम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए थे।बुधवार को उपराष्ट्रपति के रायपुर प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष फोकस रहेगा।




