छत्तीसगढ़ में 13 नए सरकारी कॉलेज खुले, फिर भी 2394 शिक्षकों के पद खाली

रायपुर। छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए पिछले तीन वर्षों में कई कदम उठाए गए हैं। इस दौरान प्रदेश में 13 नए सरकारी कॉलेज शुरू किए गए हैं। साथ ही विभिन्न कॉलेजों में 3356 सीटें बढ़ाने की मंजूरी दी गई है। इन संस्थानों के लिए 391 नए पद भी स्वीकृत किए गए हैं। हालांकि, शिक्षकों की कमी अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। सरकारी कॉलेजों में सहायक प्राध्यापकों के 2394 पद खाली हैं।
शुक्रवार को नया रायपुर में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने विभाग की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रही है।
84 कॉलेजों के भवन निर्माण के लिए 418.25 करोड़ रुपये
उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश के 84 कॉलेजों के भवन निर्माण के लिए 418.25 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा 13 कॉलेजों में छात्रावास और अन्य जरूरी सुविधाओं के विकास को भी मंजूरी दी गई है।
इस दौरान उन्होंने इंटर्नशिप नीति-2026 की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य कॉलेजों में पढ़ने वाले युवाओं को व्यावहारिक अनुभव और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
सरकारी कॉलेजों में करीब 45 प्रतिशत पद खाली
कॉलेजों की संख्या और सीटों में बढ़ोतरी के बावजूद शिक्षकों की कमी बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सरकारी कॉलेजों में सहायक प्राध्यापकों के कुल 5347 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 2394 पद रिक्त हैं। यानी करीब 45 प्रतिशत पदों पर भर्ती होना बाकी है।
वर्ष 2025 में 625 सहायक प्राध्यापकों और 75 ग्रंथपाल एवं क्रीड़ा अधिकारियों की भर्ती की घोषणा की गई थी। लेकिन अब तक इन पदों के लिए भर्ती अधिसूचना जारी नहीं हुई है। ऐसे में कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
उच्च शिक्षा विभाग का बजट 1816 करोड़ रुपये पहुंचा
राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के बजट में भी बढ़ोतरी की है। वर्ष 2023-24 में विभाग का बजट 1277 करोड़ रुपये था, जिसे बढ़ाकर 1816 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
सरकार का जोर अब कॉलेजों में भवन, छात्रावास और अन्य सुविधाओं के विस्तार के साथ विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने पर है। हालांकि, इन योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए रिक्त शिक्षकीय पदों पर भर्ती भी अहम होगी।




