छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 22 सितंबर से बारिश बढ़ने के संकेत…जानिए किन जिलों में अलर्ट

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में बनने वाले नए मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर से प्रदेश में व्यापक बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

पिकनिक या बाहर निकलने का प्लान है तो पहले जान लें मौसम का हाल

रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बिजली गिरने की स्थिति भी बन सकती है। मौसम का यह असर अगले दो दिनों तक बने रहने की संभावना है।ऐसे में अगर आपने पिकनिक या कहीं बाहर घूमने का कार्यक्रम बनाया है, तो स्थानीय मौसम की स्थिति देखकर ही योजना बनाना बेहतर रहेगा। खासकर खुले और नदी नालों के आसपास के इलाकों में मौसम बिगड़ने पर सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

इन जिलों में तेज हवा, बिजली और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव और गरियाबंद में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, रायगढ़, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम, 22 से 25 सितंबर तक बारिश का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक 19 सितंबर से अंडमान सागर और उसके आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अगले 24 घंटे में और विकसित होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके बाद सिस्टम के आगे बढ़ने और मजबूत होने पर बंगाल की खाड़ी में अवदाब बनने की स्थिति बन सकती है।इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से 22 से 25 सितंबर के बीच छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। 22 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

29 सितंबर के बाद मानसून की विदाई के संकेत

प्रदेश में बारिश का यह दौर मानसून की विदाई से पहले देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 29 सितंबर के बाद छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना है। हालांकि इसकी वास्तविक शुरुआत मौसम की आगामी परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।

रायपुर में छाए रहेंगे बादल, गरज चमक के साथ बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन इलाकों में दर्ज हुई बारिश, मानपुर में सबसे ज्यादा पानी

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मानपुर में सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। नारायणपुर में 4 सेंटीमीटर, जबकि दुर्गकोंदल, अंतागढ़, रायपुर शहर, लालपुर थाना और पखांजूर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।राजनांदगांव, माना और बिलासपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर शहर में 3 सेंटीमीटर बारिश के बाद भी दिन का तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहा।

Related Articles

Back to top button