छत्तीसगढ़

डीजे डांस प्रतियोगिता के दौरान खूनी झड़प, चाकू मारकर युवक की हत्या, तीन घायल

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में डीजे डांस प्रतियोगिता के दौरान हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना में तीन अन्य युवक भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

डांस देखने पहुंचे युवकों के बीच हुआ विवाद

मामला खल्लारी थाना क्षेत्र के कोल्दा गांव का है। मृतक की पहचान ग्राम कोमा निवासी 22 वर्षीय डेनिल दीवान के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, डेनिल अपने साथियों के साथ गांव में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिता देखने पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में डेनिल गंभीर रूप से घायल हो गया।

एक की मौत, तीन युवक अस्पताल में भर्ती

चाकूबाजी में डेनिल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मनीष, मन्नू और सोमनाथ दीवान घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए महासमुंद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिरासत में लिए गए कुछ संदिग्ध, पूछताछ जारी

घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button