तालाब में डूबीं तीन सहेलियां, नहाने गई 7 और 8 साल की बच्चियों की मौत; कपड़े-चप्पल देख ग्रामीणों ने शुरू की तलाश

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चियां आपस में सहेलियां थीं और एक ही बस्ती में रहती थीं। मृतकों की पहचान 7 वर्षीय इंदु और 8 वर्षीय राखी व साधना के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
स्कूल नहीं गईं, दोपहर में तालाब पहुंचीं
जानकारी के मुताबिक, घटना के दिन तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं। उनके परिजन रोज की तरह काम के सिलसिले में घर से बाहर थे। इसी दौरान दोपहर में तीनों सहेलियां नहाने के लिए अलगू तालाब पहुंच गईं।
कुछ देर बाद भी जब बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए जब लोग तालाब के पास पहुंचे तो वहां बच्चियों के कपड़े और चप्पल दिखाई दिए। इससे आशंका और गहरा गई कि तीनों तालाब में गई थीं।
पहले इंदु का शव पानी में दिखा
ग्रामीण तालाब के आसपास तलाश कर ही रहे थे कि पानी में इंदु का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई।
सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर तालाब में खोज अभियान चलाया।
काफी तलाश के बाद राखी और साधना के शव मिले
काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी तालाब से बरामद कर लिए गए। प्रारंभिक तौर पर तीनों की मौत गहरे पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया कि जिस समय बच्चियां तालाब में नहाने पहुंची थीं, उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। तीनों बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए हैं और मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एक साथ तीन बच्चियों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। हादसे के बाद ग्रामीणों में भी शोक का माहौल है।




