छत्तीसगढ़

बीजापुर में फिर टली बड़ी अनहोनी, जंगल में ग्रामीणों को दिखी संदिग्ध चीज और समय रहते सुरक्षा बलों ने टाल दिया खतरा

 बीजापुर : मद्देड थाना क्षेत्र में ग्रामीणों की सजगता से संभावित बड़ा हादसा टल गया। बंदेपारा और पेगड़ापल्ली गांव के कुछ ग्रामीण जंगल में पुटू यानी मशरूम एकत्र करने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर जमीन पर पड़े एक संदिग्ध तार पर गई।ग्रामीणों ने बिना उसे छुए तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और इलाके की जांच शुरू की।

सुरक्षा बलों ने बरामद कर निष्क्रिय किया आईईडी

जांच के दौरान जमीन में दबाया गया प्रेशर बियर बॉटल आईईडी बरामद हुआ। प्रारंभिक तौर पर इसे सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से लगाया गया पुराना आईईडी बताया गया।सुरक्षा टीम ने बेहद सावधानी के साथ आईईडी को बाहर निकाला और मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में भी तलाशी अभियान चलाकर किसी अन्य संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी की जांच की गई।ग्रामीणों की समय पर दी गई सूचना और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से संभावित जनहानि को टालने में मदद मिली।

जंगल में संदिग्ध वस्तु दिखे तो बरतें पूरी सावधानी

सुरक्षा बलों ने ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। जंगल, खेत, पगडंडी या सड़क के किनारे कोई संदिग्ध तार, गड्ढा, टिफिन, कंटेनर अथवा लावारिस वस्तु दिखाई दे तो उसे छूने या उसके करीब जाने से बचने की अपील की गई है।ऐसी किसी भी वस्तु की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा कैंप को देने को कहा गया है। ग्रामीणों की सतर्कता इस तरह के इलाकों में सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button